प्रतापगढ़/वशिष्ठ वाणी: प्रतिभा किसी परिचय की मोहताज नहीं होती—इसे सच कर दिखाया है उच्च प्राथमिक विद्यालय उड़ैयाडीह की होनहार छात्रा श्रेया मौर्या ने। श्रेया ने जनपद स्तरीय ‘बाल उत्सव प्रतियोगिता’ में प्रथम स्थान प्राप्त कर न केवल अपने विद्यालय, बल्कि पूरे ब्लॉक का नाम रोशन किया है।
100 प्रतिभागियों को पछाड़कर जीता खिताब
जनपद स्तर पर आयोजित इस प्रतियोगिता में जिले के सभी विकासखंडों से लगभग 100 मेधावी छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच श्रेया ने अपनी रचनात्मक सोच और प्रभावी अभिव्यक्ति से निर्णायक मंडल को प्रभावित किया।
प्रतियोगिता में ‘पोस्टर प्रतियोगिता’ और ‘बदलाव की कहानी’ थीम पर आधारित प्रस्तुतियां शामिल थीं। दोनों श्रेणियों में से केवल पांच-पांच श्रेष्ठ प्रतिभागियों का चयन किया गया, जिनमें श्रेया ने शीर्ष स्थान हासिल किया।
अब मंडल स्तर पर करेंगी प्रतिनिधित्व
जिले में प्रथम स्थान प्राप्त करने के बाद अब श्रेया का चयन मंडल स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है, जहां वह जनपद का प्रतिनिधित्व करेंगी।
श्रेया की इस उपलब्धि पर ब्लॉक अध्यक्ष अजीत कुमार, मंत्री प्रभात कुमार मिश्रा एवं उनकी मार्गदर्शक शिक्षिका (सुगमकर्ता) प्रतिमा श्रीवास्तव ने हर्ष व्यक्त किया। शिक्षकों ने छात्रा को मिठाई खिलाकर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाएं यदि उचित मार्गदर्शन और अवसर पाएं, तो वे किसी भी मंच पर सफलता के नए आयाम स्थापित कर सकती हैं।
