(adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({});

प्रतापगढ़/वशिष्ठ वाणी: महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए जनपद प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। गुरुवार को जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी और पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने प्रसिद्ध तीर्थस्थल बाबा बेलखरनाथ धाम का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ ही बाबा के दरबार में मत्था टेककर जनपद की सुख-समृद्धि की कामना की।

सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण, चौकसी के निर्देश

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर परिसर में स्थापित सीसीटीवी कंट्रोल रूम का अवलोकन किया। एसपी दीपक भूकर ने निर्देशित किया कि कंट्रोल रूम में तैनात पुलिसकर्मी 24 घंटे सतर्क रहें। भीड़ के दौरान असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखने और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरतने के सख्त निर्देश दिए गए।

भीड़ प्रबंधन और सुविधाओं पर विशेष जोर

मंदिर प्रबंधन समिति के साथ हुई बैठक में जिलाधिकारी ने भीड़ प्रबंधन, पार्किंग, शुद्ध पेयजल, चिकित्सा सुविधा और मोबाइल शौचालयों की व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि जो कार्य अभी अधूरे हैं, उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए।

सई नदी घाट का भी किया निरीक्षण

श्रद्धालुओं द्वारा स्नान को ध्यान में रखते हुए डीएम ने सई नदी घाट का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि—

  • गहरे स्थानों पर प्रभावी बैरिकेडिंग की जाए।
  • घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए।
  • आपात स्थिति से निपटने के लिए गोताखोरों और राहत दलों की उपलब्धता रहे।

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) शैलेन्द्र लाल, उपजिलाधिकारी पट्टी पूर्णेन्दु मिश्र सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *