खनन माफियाओं में हड़कंप, मनगढ़ रोड पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
प्रतापगढ़/वशिष्ठ वाणी। प्रतापगढ़ जनपद में अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन के विरुद्ध पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत कुंडा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने ग्राम फरेंदूपुर, मनगढ़ रोड के पास घेराबंदी कर अवैध रूप से मिट्टी का परिवहन कर रही तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को पकड़कर सीज कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना कुंडा के उपनिरीक्षक निर्मल कुमार शर्मा पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मनगढ़ रोड की ओर से अवैध खनन कर मिट्टी लदे ट्रैक्टरों का परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने फरेंदूपुर के पास चेकिंग अभियान चलाया।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने दो लाल रंग के महिंद्रा ट्रैक्टर और एक नीले रंग के स्वराज ट्रैक्टर को रोककर तलाशी ली। जब वाहन चालकों से मिट्टी परिवहन से संबंधित वैध प्रपत्र मांगे गए, तो वे कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। प्रथम दृष्टया अवैध खनन की पुष्टि होने पर पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत तीनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को सीज कर दिया।
पुलिस ने मामले की सूचना खनिज विभाग को भी दे दी है, ताकि नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा सके।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन से न केवल सरकारी राजस्व को भारी नुकसान होता है, बल्कि पर्यावरण को भी गंभीर क्षति पहुंचती है। उन्होंने कहा कि खनन माफियाओं के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और किसी को भी कानून से खिलवाड़ करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

