भेलूपुर के दयाल टावर के पास 7 क्रूजर और 1 ट्रैवलर सीज, ट्रैफिक बाधित करने का आरोप वाराणसी/वशिष्ठ वाणी। भेलूपुर थाना क्षेत्र में अवैध पार्किंग को लेकर पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे दयाल टावर के समीप मुख्य मार्ग पर अवैध रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 7 क्रूजर और 1 ट्रैवलर समेत कुल 8 वाहनों को सीज कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ये वाहन बिना किसी वैध अनुमति के मुख्य सड़क पर खड़े किए गए थे, जिससे यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही थी। राहगीरों और अन्य वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। स्थानीय नागरिकों की लगातार शिकायतों और पुलिस की नियमित निगरानी के दौरान यह मामला संज्ञान में आया। सूचना मिलते ही भेलूपुर पुलिस और ट्रैफिक विंग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान मोटर वाहन अधिनियम के तहत अवैध पार्किंग के स्पष्ट उल्लंघन की पुष्टि होने पर क्रेन की सहायता से सभी वाहनों को हटाकर थाने ले जाया गया। वाहन स्वामियों के खिलाफ चालान काटते हुए आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा है, जिसके तहत शहर में अवैध पार्किंग, ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन और सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार सख्ती बरती जा रही है। हाल के दिनों में भेलूपुर क्षेत्र में रात्रि चेकिंग के साथ-साथ दिन में भी निगरानी बढ़ाई गई है, ताकि मुख्य मार्गों पर जाम की स्थिति न बने। पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि मुख्य सड़कों पर बिना अनुमति वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं, स्थानीय निवासियों ने पुलिस की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार आएगा और आम लोगों को राहत मिलेगी। Post navigation वाराणसी में संत रविदास जयंती पर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी, 30 जनवरी से 1 फरवरी तक लागू रहेंगे प्रतिबंध एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने रात्रि में चलाया सघन चेकिंग अभियान