लोकप्रिय विषयमहाराष्ट्रसम्पादकीयकवितास्वास्थ्यअपराधअन्यवीडियो

वाराणसी में बिजली क्रांति: 548 करोड़ की परियोजना से बदलेगी पावर सप्लाई की तस्वीर

  • जर्जर तारों से मुक्ति — बनेंगे 16 नए सब-स्टेशन, लगाए जाएंगे 2000 ट्रांसफार्मर
  • रविंद्र जायसवाल ने दिए सख्त निर्देश: बांस-बल्ली पर लटकते वायर पूरी तरह हटेंगे

वाराणसी/वशिष्ठ वाणी। शहर में बढ़ती आबादी और बिजली मांग को देखते हुए सरकार ने पावर इन्फ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए 548 करोड़ रुपए की महत्वाकांक्षी परियोजना शुरू की है। इस संबंध में गुरुवार को सर्किट हाउस सभागार में प्रदेश के स्टांप एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल ने विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और कार्यों को तेज गति से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

पुरानी व जर्जर व्यवस्था पर सरकार की सख्ती

मंत्री ने कहा कि शहर में कई स्थानों पर अब भी बांस-बल्ली पर लटकते खुले विद्युत तार बड़ी दुर्घटनाओं और बिजली कटौती का कारण बनते हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ऐसे तारों को पूरी तरह व्यवस्थित किया जाए और किसी भी प्रकार की हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


परियोजना के मुख्य बिंदु

सरकारी प्रस्तावित कार्यों में शामिल हैं—

16 नए विद्युत सब-स्टेशन का निर्माण
1202 ट्रांसफार्मरों का उच्चीकरण (अपग्रेडेशन)
21 स्थानों पर अतिरिक्त ट्रांसफार्मर की स्थापना
552 किमी नई एलटी लाइन का निर्माण
1246 किमी एलटी लाइन का सुधार एवं विस्तार
लगभग 2000 नए ट्रांसफार्मर लगाने की तैयारी

इसी के साथ 15 नए विद्युत उपकेंद्रों के लिए स्थल चयन की प्रक्रिया भी तेज कर दी गई है ताकि जमीन से संबंधित विवाद या देरी को रोका जा सके।


“युद्धस्तर पर काम हो, समय सीमा में परिणाम दिखें” – मंत्री

बैठक में मंत्री ने कहा कि स्वीकृत धनराशि उपलब्ध है, इसलिए कार्यों में देरी या शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने विभाग को क्षेत्रों की प्राथमिकता सूची तैयार कर जर्जर तारों की जगह सुरक्षित आपूर्ति व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में चीफ इंजीनियर राकेश कुमार, अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता सहित विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


लाभ — गर्मियों में कटौती कम, सप्लाई बेहतर

यह परियोजना लागू होने पर शहर में—

► बिजली कटौती में कमी
► ओवरलोड की समस्या में राहत
► दुर्घटना जोखिम में कमी
► सुरक्षित व निर्बाध बिजली आपूर्ति

जैसे प्रत्यक्ष लाभ देखने को मिलेंगे। आने वाले दिनों में वाराणसी की पावर सप्लाई व्यवस्था पहले से अधिक आधुनिक, विश्वसनीय और स्मार्ट बन सकेगी।

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment