(adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({});

शादी के सीजन में नियम तोड़ने वाली बारातों पर पुलिस की सख्ती जारी

वाराणसी/वशिष्ठ वाणी शादी-विवाह के मौसम में कानून-व्यवस्था और यातायात को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से वाराणसी पुलिस लगातार सख्त कदम उठा रही है। इसी क्रम में एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने भेलूपुर क्षेत्र में रात्रि के समय सघन चेकिंग अभियान चलाया और नियमों का उल्लंघन करने वाली बारातों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की।

चेकिंग के दौरान तेज आवाज में डीजे बजाने, सड़क पर अत्यधिक कब्जा करने और यातायात व्यवस्था बाधित करने के मामलों पर विशेष ध्यान दिया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि ऐसे उल्लंघन आम नागरिकों की शांति और सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा हैं।

भिखारीपुर के पास वैष्णवी लॉन के सामने रात करीब 11:30 बजे एक बारात में नियमों की खुलेआम अनदेखी सामने आई। तेज आवाज में डीजे, अत्यधिक लाइटिंग और वाहनों व भीड़ के कारण सड़क का लगभग 75 प्रतिशत हिस्सा अवरुद्ध हो गया था, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। स्थानीय लोगों की शिकायत पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति की जांच की।

पुलिस के अनुसार, रात 10 बजे के बाद डीजे बजाना, 80 डेसिबल से अधिक ध्वनि स्तर, तथा बिना अनुमति सड़क पर कब्जा करना नॉइज पॉल्यूशन (रेगुलेशन एंड कंट्रोल) रूल्स और ट्रैफिक नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है।

गौरतलब है कि हाल ही में पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने मैरिज लॉन, बैंक्वेट हॉल संचालकों और डीजे ऑपरेटरों के साथ बैठक कर कड़े निर्देश जारी किए थे। उन्होंने स्पष्ट कहा था कि बारात में सड़क का केवल एक-तिहाई हिस्सा ही उपयोग किया जाए, पार्किंग की व्यवस्था लॉन के भीतर हो और डीजे निर्धारित समय-सीमा में ही बजाया जाए।

इस मामले में डीजे ऑपरेटर, लाइटिंग व्यवस्था करने वाले तथा वैष्णवी लॉन प्रबंधन के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है। कार्रवाई नॉइज पॉल्यूशन नियम, मोटर व्हीकल एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं के तहत की जा रही है।

शादी के सीजन में वाराणसी में ट्रैफिक जाम, तेज संगीत और सड़क अवरोध की शिकायतें लगातार बढ़ रही हैं। इसे देखते हुए पुलिस ने जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई है। एसीपी गौरव कुमार द्वारा की गई रात्रि चेकिंग से स्थानीय नागरिकों में राहत की भावना है और लोगों को उम्मीद है कि इससे रात के समय शांति और व्यवस्था बनी रहेगी।

पुलिस ने साफ कहा है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *