(adsbygoogle = window.adsbygoogle || []).push({});

प्रतापगढ़/वशिष्ठ वाणी: विकास खंड पट्टी के ब्लॉक सभागार में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश एवं जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण प्रतापगढ़ राजीव कमल पाण्डेय के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

शिविर में लोगों को संबोधित करते हुए सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शांभवी द्वितीय ने कहा कि कमजोर एवं वंचित वर्गों के लिए निःशुल्क विधिक सहायता का प्रावधान है। पात्र व्यक्ति न केवल न्यायिक मामलों में सहायता प्राप्त कर सकते हैं, बल्कि विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं तक अपनी पहुंच सुनिश्चित करने के लिए भी विधिक सेवा प्राधिकरण से सहयोग ले सकते हैं।

उन्होंने जानकारी दी कि 22 फरवरी को जनपद मुख्यालय पर मेगा विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया जाएगा। इस मेगा शिविर में पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क विधिक सहायता प्रदान करने के साथ-साथ कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित प्रमाण पत्र एवं स्वीकृति पत्र भी वितरित किए जाएंगे। उन्होंने महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।

उपजिलाधिकारी पट्टी पूर्णेन्दु मिश्र ने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों से लोगों को अपने अधिकारों की जानकारी मिलती है और न्याय तक उनकी पहुंच आसान होती है। तहसीलदार पट्टी पवन कुमार सिंह ने राजस्व विभाग की योजनाओं की जानकारी दी।

पैनल अधिवक्ता इंद्र प्रसाद तिवारी ने निःशुल्क विधिक सहायता की पात्रता पर प्रकाश डाला, जबकि पीएलवी मुनीन्द्र प्रताप भारती ने मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) और लीगल एड क्लीनिक के माध्यम से सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया समझाई।

कार्यक्रम के अंत में खंड विकास अधिकारी पट्टी राजीव पाण्डेय ने उपस्थित जनसमूह के प्रति आभार व्यक्त किया। संचालन राम प्रकाश पाण्डेय (प्रभारी, लीगल एड क्लीनिक तहसील पट्टी) द्वारा किया गया।

इस अवसर पर प्रभारी कोतवाली पट्टी आनंद भदौरिया, वरिष्ठ पैनल अधिवक्ता बिंदेश्वरी प्रसाद बिंदु पाठक, बसंत लाल, सहायक विकास अधिकारी पंचायत विजय राज, सहायक विकास अधिकारी राकेश कुमार, मोहम्मद शमीम, पीएलवी शीला देवी, रवि पटेल, हुश्ननारा बानो, कुसुम गौतम, खुशबू, नाजरीन सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *