लोकप्रिय विषयमहाराष्ट्रसम्पादकीयकवितास्वास्थ्यअपराधअन्यवीडियो

मालाड (प.) के पन्नालाल घोष मार्ग के CC रोड में छह महीने में दरारें; R.P.S. कंपनी के काम पर सवालिया निशान?

27 अगस्त को वरिष्ठ अधिकारियों से लिखित शिकायत; कार्रवाई नहीं होने पर विरोध प्रदर्शन की सम्राट बागुल की चेतावनी

मुंबई/वशिष्ठ वाणी: मालाड (पश्चिम) के पन्नालाल घोष मार्ग पर किए गए CC रोड एवं ड्रेनेज निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सड़क बनने के महज कुछ महीनों में ही सड़क पर जगह-जगह दरारें दिखाई देने लगी हैं, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

इस मामले में समाजसेवक एवं शिव सम्राट फाउंडेशन के अध्यक्ष सम्राट बागुल ने 27 अगस्त 2026 को मुख्य अभियंता, सड़क विभाग; सह आयुक्त, दक्षता विभाग; उप प्रमुख अभियंता, सड़क पश्चिम उपनगर; तथा सहायक अभियंता, सड़क पी/पश्चिम विभाग के समक्ष लिखित शिकायत देकर तत्काल जांच एवं कार्रवाई की मांग की है। इसके अलावा मुंबई पब्लिक डैशबोर्ड पर BMC/COM/2026/0175 क्रमांक से भी शिकायत दर्ज कराई गई है।

छह महीने में ही सड़क पर दरारें

शिकायत के अनुसार, स्थल निरीक्षण के दौरान PQC कंक्रीट की मोटाई लगभग 7 इंच (177.8 मिमी.) पाए जाने का दावा किया गया है। निर्माण कार्य स्वीकृत डिजाइन, निविदा की शर्तों तथा महानगरपालिका के निर्धारित मानकों के अनुसार किया गया है या नहीं, इसकी तकनीकी जांच कराने की मांग की गई है।

इसके साथ ही ड्रेनेज निर्माण में जमीन के नीचे आवश्यक तरीके से राफ्टिंग की गई है या नहीं, निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल हुआ है या नहीं तथा निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच की गई थी या नहीं, इसकी भी जांच कराने की मांग की गई है।

कोर कटिंग एवं लैब टेस्ट की मांग

संबंधित CC रोड की अधिकृत कोर कटिंग, PQC एवं DLC की लैब जांच तथा ड्रेनेज निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराने की मांग की गई है। स्वीकृत डिजाइन और वास्तविक निर्माण कार्य की तुलना कर जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग भी सम्राट बागुल ने की है।

यदि निर्माण कार्य घटिया पाया जाता है तो संबंधित ठेकेदार एवं जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाए तथा दोषपूर्ण कार्य को निर्धारित मानकों के अनुसार दोबारा करवाया जाए, ऐसी मांग भी की गई है।

कार्रवाई नहीं होने पर विरोध प्रदर्शन की चेतावनी

“इस मामले में 27 अगस्त 2026 को संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की गई है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए R.P.S. कंपनी द्वारा किए गए कार्य की निष्पक्ष तकनीकी जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए। यदि प्रशासन की ओर से कार्रवाई नहीं की गई तो नागरिकों की ओर से लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन किया जाएगा,” ऐसी चेतावनी सम्राट बागुल ने दी है।

सार्वजनिक निधि से किए जाने वाले सड़क एवं ड्रेनेज निर्माण कार्य की गुणवत्ता नागरिकों की सुरक्षा से सीधे जुड़ी होती है। इसलिए इस मामले की ठोस, निष्पक्ष एवं पारदर्शी तकनीकी जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाना आवश्यक है।

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment