मुंबई/वशिष्ठ वाणी। मालवणी वार्ड क्रमांक 48 में नालियों के ओवरफ्लो होने से गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मालवणी गेट नंबर 8, एम.एच.बी. कॉलोनी, शफात स्कूल से महाकाली मंदिर मार्ग (मुंबई–400095) पर यह समस्या लगातार बनी हुई है, जिससे इलाके में गंदगी, बदबू और मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नालियों से बह रहा गंदा पानी सड़क पर जमा हो जाने से बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ गया है। विशेष रूप से स्कूल जाने वाले बच्चों को इसी दूषित पानी से होकर गुजरना पड़ता है, जो उनके स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन चुका है।
इस समस्या को लेकर लोगों में म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के पी/नॉर्थ डिवीजन के मेंटेनन्स विभाग के प्रति गहरा रोष व्याप्त है। आरोप है कि विभाग की लापरवाही के कारण नालियों की समय पर सफाई नहीं की गई, जिससे यह स्थिति उत्पन्न हुई है।
प्री-मानसून सफाई कार्य में भ्रष्टाचार का आरोप
शिव सम्राट फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता सम्राट बागुल ने इस मामले की लिखित शिकायत पी/नॉर्थ मेंटेनन्स विभाग से की है। उन्होंने मांग की है कि नालियों की तत्काल सफाई कर जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए।
बागुल ने आरोप लगाया कि मालवणी क्षेत्र में प्री-मानसून ड्रेनेज सफाई कार्य में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ है। उन्होंने कहा कि मानसून से पहले नालियों की सफाई के लिए आवंटित धन का दुरुपयोग किया गया और संबंधित ठेकेदारों व अधिकारियों ने अपनी जिम्मेदारी का सही ढंग से निर्वहन नहीं किया, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा क्षेत्र में नियमित सफाई और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को इस गंभीर समस्या से राहत मिल सके।


