मऊ/वशिष्ठ वाणी: मुहम्मदाबाद गोहना क्षेत्र के बनियापार गांव के पास बुधवार को आजमगढ़–मुहम्मदाबाद गोहना मुख्य मार्ग पर बड़ा हादसा होने से टल गया। अंबेडकर डिपो की एक परिवहन बस के इंजन में अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लग गई, लेकिन चालक और परिचालक की सूझबूझ के चलते बस में सवार करीब 22 यात्री सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के दौरान बस मऊ से आजमगढ़ की ओर जा रही थी। चलते समय इंजन से धुआं उठता देख चालक गयासुद्दीन ने तत्परता दिखाते हुए बस को सड़क किनारे रोक दिया। इसके बाद परिचालक जोगेंद्र यादव की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। कुछ ही मिनट बाद इंजन से आग की लपटें उठने लगीं।
सूचना मिलते ही चालक ने तत्काल 112 नंबर पर कॉल करके प्रशासन को अवगत कराया। फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पूर्व ही आसपास मौजूद ग्रामीणों ने पानी व अन्य साधनों की मदद से आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग नियंत्रित होने की वजह से बड़ा नुकसान टल गया।
घटना के बाद अंबेडकर डिपो प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए यात्रियों को दूसरी बस में आजमगढ़ के लिए रवाना किया। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, हालांकि कुछ समय के लिए सड़क पर आवागमन प्रभावित रहा।

