Sunday, January 18, 2026
Google search engine
Homeअन्यतेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से किसान की मौत, ग्रामीणों ने लगाया...

तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से किसान की मौत, ग्रामीणों ने लगाया जाम, चालक की पिटाई

बदायूं/वशिष्ठ वाणी: मूसाझाग थाना क्षेत्र अंतर्गत बदायूं-दातागंज मार्ग पर गुरुवार सुबह एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पार कर रहे बुजुर्ग किसान को टक्कर मार दी। हादसे में किसान की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया और पुलिस के सामने ही ट्रक चालक की पिटाई कर दी।

मृतक की पहचान किसरूआ गांव निवासी 65 वर्षीय प्रेमपाल पुत्र नाथू सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार प्रेमपाल सुबह खेत पर शौच के बाद घर लौट रहे थे, तभी दातागंज की ओर से आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वे सड़क किनारे दूर जाकर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए और बदायूं-दातागंज मार्ग को जाम कर दिया। ग्रामीणों ने ट्रक चालक पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ भी नाराजगी जताई।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने जाम हटवाने का प्रयास किया। इसी बीच पुलिस ने गांव लखनपुर के पास ट्रक को पकड़ लिया और चालक को हिरासत में लेकर थाने ले जा रही थी। लेकिन रास्ते में गुस्साए ग्रामीणों ने चालक को घेर लिया और पुलिस की मौजूदगी में पिटाई शुरू कर दी। पुलिस ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया और चालक को सुरक्षित थाने पहुंचाया।

पुलिस ने परिजनों को समझाते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही मृतक के घर कोहराम मच गया।

थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से किसान की मौत हुई है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना ने एक बार फिर क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments