लोकप्रिय विषयमहाराष्ट्रसम्पादकीयकवितास्वास्थ्यअपराधअन्यवीडियो

सुगम, सुरक्षित और निर्बाध यातायात के लिए पुलिस आयुक्त का शहर भ्रमण, दिए कड़े दिशा-निर्देश

वाराणसी/वशिष्ठ वाणी। शहर में सुगम, सुरक्षित एवं निर्बाध यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल ने बुधवार को प्रमुख चौराहों एवं मार्गों का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यातायात की व्यवहारिक स्थिति, ट्रैफिक फ्लो, पार्किंग व्यवस्था, डायवर्जन तथा आमजन को हो रही असुविधाओं का गहन अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के क्रम में कज्जाकपुरा क्रॉसिंग पर लागू की गई यातायात व्यवस्थाओं का बारीकी से परीक्षण किया गया। पुलिस आयुक्त ने अनधिकृत कट, गलत दिशा में चलने वाले वाहनों तथा यातायात अवरोध उत्पन्न करने वाले बिंदुओं पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित यातायात व्यवस्था का सख्ती से अनुपालन कराया जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

चौकाघाट क्षेत्र में ऑटो एवं ई-रिक्शा की पार्किंग व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण करते हुए अनधिकृत पार्किंग पर तत्काल कार्रवाई तथा नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए। वहीं पाण्डेयपुर चौराहे पर बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए बैरिकेडिंग, लेन मैनेजमेंट एवं पुलिस बल की प्रभावी तैनाती सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। पुलिस आयुक्त ने पीक आवर्स के दौरान विशेष सतर्कता बरतने और जाम की स्थिति उत्पन्न होने पर त्वरित वैकल्पिक व्यवस्था लागू करने के निर्देश भी दिए।

पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शहर में सुगम यातायात हेतु लागू की जा रही सभी स्थानीय यातायात व्यवस्थाओं का प्रभावी, सतत एवं शत-प्रतिशत अनुपालन अनिवार्य है और किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने यातायात पुलिस एवं स्थानीय पुलिस को आपसी समन्वय के साथ निरंतर मॉनिटरिंग करते हुए आवश्यकता पड़ने पर त्वरित सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही पुलिस आयुक्त ने आम नागरिकों से अपील की कि वे यातायात नियमों एवं लागू व्यवस्थाओं का पूर्ण रूप से पालन करें, गलत दिशा में वाहन न चलाएं, निर्धारित पार्किंग का ही उपयोग करें और पुलिस द्वारा किए जा रहे यातायात सुधार प्रयासों में सहयोग प्रदान करें, जिससे शहर में सभी के लिए सुरक्षित एवं सुचारु आवागमन सुनिश्चित किया जा सके।

इस निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस उपायुक्त यातायात अंशुमान मिश्रा, सहायक पुलिस आयुक्त यातायात सोमवीर सिंह सिरोही सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment