लोकप्रिय विषयमहाराष्ट्रसम्पादकीयकवितास्वास्थ्यअपराधअन्यवीडियो

ऑटो में छूटा दो लाख रुपये का बैग, सिगरा पुलिस की तत्परता से सकुशल बरामद, यात्री को सौंपा

प्रहलाद पाण्डेय | वशिष्ठ वाणी

वाराणसी। पूजा का सामान खरीदने वाराणसी आए झारखंड के एक व्यक्ति का ऑटो में छूटा करीब दो लाख रुपये का कीमती बैग सिगरा पुलिस और कमांड सेंटर की तत्परता से सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिसकर्मियों की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई के चलते यात्री को उसका पूरा सामान वापस मिल गया। अपना कीमती सामान सुरक्षित वापस पाकर पीड़ित ने वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस का आभार जताया।

लहरतारा से कैंट जाते समय ऑटो में छूट गया था बैग

जानकारी के अनुसार, झारखंड के रांची निवासी मुकेश सोनी पुत्र स्वर्गीय भैरव प्रसाद अपने परिवार के साथ वाराणसी आए हुए थे। वह लहरतारा से ऑटो में सवार होकर कैंट की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनका बैग ऑटो में ही छूट गया। बैग में 1 लाख 40 हजार रुपये नकद, 100 ग्राम चांदी का सिक्का, चांदी की बत्तियां, जिनकी कुल कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई गई, सहित अन्य सामान रखा हुआ था। बैग में मौजूद सामान की कुल कीमत लगभग दो लाख रुपये थी।

बैग गायब होने पर सिगरा थाने पहुंचे पीड़ित

ऑटो से उतरने के बाद जब मुकेश सोनी को अपना बैग गायब होने की जानकारी हुई तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल सिगरा थाने पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बिना देरी किए बैग की तलाश शुरू कर दी।

थाना प्रभारी के निर्देशन में पुलिस और कमांड सेंटर ने शुरू की तलाश

थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा के निर्देशन में स्थानीय पुलिस और कमांड सेंटर प्रभारी राजेश तथा उनकी टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिसकर्मियों ने सक्रियता दिखाते हुए संबंधित ऑटो का पता लगा लिया। इसके बाद ऑटो में छूटे यात्री के बैग को सुरक्षित बरामद कर लिया गया और पूरा सामान मुकेश सोनी को सौंप दिया गया।

कीमती सामान वापस मिलने पर पुलिस का जताया आभार

करीब दो लाख रुपये का सामान सुरक्षित वापस मिलने पर मुकेश सोनी ने राहत की सांस ली। उन्होंने कमिश्नरेट पुलिस के कमांड सेंटर प्रभारी राजेश और उनकी पूरी टीम के साथ सिगरा पुलिस का विशेष रूप से धन्यवाद ज्ञापित किया। पुलिस की तत्परता और जिम्मेदारी से यात्री को उसका खोया हुआ सामान वापस मिल सका।

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment