यात्रियों को परेशान करने, भीड़ जुटाने और अव्यवस्था फैलाने की शिकायत पर पुलिस का अभियान
वाराणसी/वशिष्ठ वाणी। रोडवेज बस स्टेशन और रेलवे स्टेशन परिसर में यात्रियों को परेशान करने तथा सार्वजनिक व्यवस्था प्रभावित करने के आरोप में वाराणसी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 महिलाओं को हिरासत में लिया। यह अभियान सिगरा थाना प्रभारी संजय मिश्रा के नेतृत्व में चलाया गया।
इस कार्रवाई में रोडवेज चौकी प्रभारी कुमार गौरव सिंह, दरोगा दुर्गा प्रसाद, दरोगा प्रशांत बंधु और दरोगा जावेद अशरफ सहित पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही। पुलिस के अनुसार, ये महिलाएं यात्रियों को असुविधा पहुंचाने, अनुचित तरीके से भीड़ एकत्र करने और सार्वजनिक स्थानों पर अव्यवस्था फैलाने का कार्य कर रही थीं।
बताया गया कि स्थानीय नागरिकों और यात्रियों की लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर पुलिस ने त्वरित अभियान चलाया और संबंधित महिलाओं को मौके से हिरासत में लिया। इस कार्रवाई के बाद बस स्टेशन और रेलवे स्टेशन परिसर में मौजूद यात्रियों ने राहत महसूस की।
सिगरा थाना प्रभारी संजय मिश्रा ने कहा कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस ने सभी महिलाओं के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। गौरतलब है कि रोडवेज बस स्टेशन और रेलवे स्टेशन के आसपास इस प्रकार की शिकायतें लंबे समय से सामने आती रही हैं, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था।














