पोकरण में रविवार दोपहर एक निजी बस में साइलेंसर से निकला तेज धुआं बस के अंदर भर गया। बस में धुआं फैलता देख यात्री घबरा गए और आनन-फानन में बस से नीचे उतर गए। यह घटना दोपहर करीब 12 बजे फलसूंड से पोकरण आ रही बस में हुई।
बस के अंदर फैला धुआं
बस जैसे ही पोकरण पहुंची, उसके साइलेंसर से भीषण धुआं निकलने लगा। यह धुआं तेजी से बस के भीतर फैल गया, जिससे यात्रियों को लगा कि बस में आग लग गई है। धुएं के कारण बस में भगदड़ मच गई।
ड्राइवर और आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत यात्रियों को बस से नीचे उतरने में मदद की। उन्होंने यात्रियों को समझाया कि बस में आग नहीं लगी है, बल्कि यह साइलेंसर की खराबी के कारण निकला धुआं है। सभी यात्रियों को शहर के बैंक ऑफ बड़ौदा के पास सड़क पर सुरक्षित उतारा गया।
यात्रियों को उतारने के बाद, ड्राइवर बस को रोडवेज बस स्टैंड ले गया ताकि उसकी जांच कराई जा सके। जांच में पता चला कि यह धुआं बस में तकनीकी समस्या के कारण साइलेंसर से निकला था।














