उपखंड के झिझनियाली पुलिस थाना में 17 मार्च को एक सोलर प्लांट में चोरी का मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले का खुलासा कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। चोरी का माल भी बरामद कर लिया गया है।
थाना अधिकारी सुमेर सिंह इंदा ने बताया कि अदानी सोलर प्लांट, बईया के सिक्योरिटी इंचार्ज इंद्र सिंह पुत्र हरि सिंह राठौड़ निवासी तितयाड़ी, किशनगढ़ (अजमेर) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में उन्होंने अज्ञात चोरों द्वारा सोलर प्लांट में चोरी की वारदात को अंजाम देने की जानकारी दी थी।जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे के आदेशानुसार और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रेवत दान के निर्देशानुसार, वृताधिकारी रूप सिंह इंदा के सुपरविजन में झिझनियाली थाना अधिकारी सुमेर सिंह इंदा की टीम ने तुरंत कार्रवाई की। टीम ने प्रकरण का खुलासा करते हुए एक संदिग्ध को दस्तयाब किया।
पूछताछ के बाद मुलजिम सलीमखा पुत्र बाधेखान, निवासी गाले की बस्ती, पुलिस थाना झिझनियाली को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया माल जब्त कर लिया है। आरोपी को जिला सत्र न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।














