राजस्थान: लाठी थानाक्षेत्र के खेतोलाई गांव के पास गुरुवार शाम करीब 7 बजे एक बड़ा हादसा टल गया। जैसलमेर से पोकरण जा रही एक कार की सड़क पार कर रहे ऊंट से जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में ऊंट की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
जानकारी के अनुसार, खेतोलाई गांव के पास ऊंटों का एक झुंड सड़क पार कर जंगल की ओर जा रहा था। इसी दौरान सवारियों से भरी कार के सामने अचानक एक ऊंट आ गया, जिससे यह टक्कर हुई।टक्कर इतनी भीषण थी कि ऊंट सड़क से दूर जा गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन गनीमत रही कि कार चालक की सूझबूझ से वाहन को समय पर नियंत्रित कर लिया गया।जोरदार धमाके की आवाज सुनकर कामधेनु सेना के खेतोलाई गांव ग्राम प्रभारी नीम्बाराम विश्नोई और बाबूलाल गोदारा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार दिया। ग्रामीणों ने मृत ऊंट को हाईवे से हटाने के लिए हाईवे कर्मियों को भी सूचित किया।हादसे में कार सवार लोगों को मामूली चोटें आईं, जिससे किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और एक बड़ा हादसा होने से टल गया।














