शिवपुरी। शहर में छह वर्षीय बच्चियों से बदसलूकी के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर उसका सरेराह जुलूस निकाला। आरोपी की पहचान बल्लू साहू पुत्र धनीराम साहू (35 वर्ष) निवासी ग्राम मुगावली थाना करैरा, हाल निवासी इंदिरा कॉलोनी शिवपुरी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार फिजिकल थाना क्षेत्र में आरोपी द्वारा छोटी बच्चियों के साथ बदसलूकी किए जाने की शिकायत सामने आई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए फिजिकल थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी की हेकड़ी निकालने के लिए उसे शहर की सड़कों पर पैदल घुमाया। इस दौरान आरोपी को कड़ी सुरक्षा के बीच ले जाया गया, ताकि आम लोगों में कानून का डर बना रहे और ऐसे अपराध करने वालों को सख्त संदेश मिले।
पुलिस द्वारा आरोपी को पैदल जुलूस के रूप में घुमाते हुए न्यायालय में पेश किया गया।
आरोपी के जुलूस के दौरान आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई और लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मासूम बच्चियों के साथ बदसलूकी जैसे अपराध किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे और ऐसे आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।













