• Home  
  • गोंड जाति का धरना 12 जनवरी तक स्थगित, अरविंद राजभर के आश्वासन पर टूटी भूख हड़ताल
- मऊ

गोंड जाति का धरना 12 जनवरी तक स्थगित, अरविंद राजभर के आश्वासन पर टूटी भूख हड़ताल

मऊ/वशिष्ठ वाणी: तहसील परिसर में गोंड जाति के लोगों द्वारा जाति प्रमाण पत्र बनाए जाने की मांग को लेकर चल रहा धरना प्रदर्शन सुभासपा के राष्ट्रीय महासचिव अरविंद राजभर के हस्तक्षेप के बाद 12 जनवरी तक के लिए स्थगित कर दिया गया। मंगलवार को धरना स्थल पर पहुंचे अरविंद राजभर ने आंदोलनकारियों से संवाद किया […]

मऊ/वशिष्ठ वाणी: तहसील परिसर में गोंड जाति के लोगों द्वारा जाति प्रमाण पत्र बनाए जाने की मांग को लेकर चल रहा धरना प्रदर्शन सुभासपा के राष्ट्रीय महासचिव अरविंद राजभर के हस्तक्षेप के बाद 12 जनवरी तक के लिए स्थगित कर दिया गया। मंगलवार को धरना स्थल पर पहुंचे अरविंद राजभर ने आंदोलनकारियों से संवाद किया और भूख हड़ताल पर बैठे सात छात्र-छात्राओं को मिठाई खिलाकर उनकी भूख हड़ताल समाप्त कराई।

इस अवसर पर उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण मंत्री एवं मऊ जिलाधिकारी से दूरभाष पर वार्ता कर पूरे प्रकरण की जानकारी दी। बातचीत के उपरांत अरविंद राजभर ने धरनारत गोंड समाज के लोगों को आश्वस्त किया कि 12 जनवरी तक जाति प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि तय समय सीमा में प्रमाण पत्र नहीं बने या किसी प्रकार की अड़चन आई, तो वे स्वयं पूरी टीम के साथ दोबारा धरना प्रदर्शन में बैठेंगे।

अरविंद राजभर ने आरोप लगाया कि जाति प्रमाण पत्र जारी करने के मामले में संबंधित लेखपालों की गंभीर लापरवाही सामने आ रही है, जिसके कारण गोंड समाज के छात्र-छात्राओं को शिक्षा, छात्रवृत्ति एवं अन्य सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे लापरवाह अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

राष्ट्रीय महासचिव के आश्वासन के बाद गोंड जाति का धरना प्रदर्शन 12 जनवरी तक स्थगित कर दिया गया। इस दौरान उपजिलाधिकारी अभिषेक गोस्वामी, तहसीलदार अनीश सिंह, कानूनगो एवं लेखपाल सहित अनुष्का गोंड, रितु गोंड, कृपाल गोंड, रोहित, प्रतीक, पप्पू, मुस्कान, नंदनी, धर्मेंद्र समेत बड़ी संख्या में गोंड समाज के लोग मौजूद रहे।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *