मुंबई (मालाड वेस्ट): इन्फिनिटी मॉल और डी-मार्ट के बाहर न्यू लिंक रोड पर लगने वाले ट्रैफिक जाम को लेकर ‘वशिष्ठ वाणी’ की शिकायत पर गोरेगांव ट्रैफिक और आरटीओ विभाग ने त्वरित और सराहनीय कार्रवाई की है। तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि आरटीओ अधिकारियों की सख्त मौजूदगी को देखकर मौके पर अवैध रूप से खड़े ऑटो रिक्शा चालकों में हड़कंप मच गया और वे गाड़ियां लेकर भागते नजर आए।
आरटीओ अधिकारी ने माना- ‘स्थिति बेहद गंभीर’
कार्रवाई के दौरान गोरेगांव आरटीओ के वरिष्ठ अधिकारी ने ‘वशिष्ठ वाणी’ से विशेष बातचीत करते हुए एक बेहद गंभीर प्रशासनिक चुनौती को सामने रखा। उन्होंने कहा, “शिकायत मिलते ही हमारी टीम तुरंत मौके पर पहुंचकर सख्त कार्रवाई करती है, लेकिन दिक्कत यह है कि जैसे ही हमारे अधिकारी वहां से रवाना होते हैं, ये ऑटो रिक्शा चालक दोबारा आकर मुख्य सड़क को घेर लेते हैं।” अधिकारी द्वारा ईमानदारी से स्वीकार की गई यह बात साबित करती है कि विभाग मुस्तैदी से काम तो कर रहा है, लेकिन नियमों को ठेंगे पर रखने वाले ऑटो चालकों की ढीटता के कारण समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पा रहा है।
‘वशिष्ठ वाणी’ का सुझाव: अब मैनपावर नहीं, CCTV तकनीक से सुधरेंगे हालात
गोरेगांव आरटीओ की इस तत्परता की सराहना करते हुए ‘वशिष्ठ वाणी’ प्रशासन और वरिष्ठ अधिकारियों से यह मांग करता है कि इस ‘चूहे-बिल्ली के खेल’ को खत्म करने के लिए अब तकनीक का सहारा लिया जाए:
- मॉल और डी-मार्ट के इस पूरे पैच पर हाई-टेक CCTV कैमरे लगाए जाएं।
- अधिकारियों की गैर-मौजूदगी में जो भी ऑटो रिक्शा यहाँ अवैध रूप से कतार लगाए या ‘बड़े भाड़े’ के चक्कर में सड़क रोके, उसका सीधे ऑनलाइन ई-चालान (E-Challan) काटा जाए।
जब आरटीओ की अनुपस्थिति में भी इन चालकों पर तकनीक का डंडा चलेगा और रोज़ाना ऑनलाइन जुर्माना भरना पड़ेगा, तभी इस व्यस्त मार्ग को स्थायी रूप से जाम से मुक्ति मिल पाएगी।













