अमेठी: तिलोई क्षेत्र के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान श्री सुभाष पशुपतिनाथ (SPN) विद्यापीठ इंटर कॉलेज, तिलोई की नवनिर्वाचित प्रबंध समिति की प्रथम बैठक का भव्य आयोजन किया गया। इस बैठक में विद्यालय के सर्वांगीण विकास और बुनियादी ढाँचे को मजबूत करने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक की अध्यक्षता राजा सुरेंद्र बहादुर सिंह ने की। कार्यक्रम की शुरुआत में विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री प्रेम कुमार मिश्रा ने सभी नवागंतुक पदाधिकारियों और सदस्यों का जोरदार स्वागत किया।बैठक में समिति के प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें अध्यक्ष राजा सुरेंद्र बहादुर सिंह, उपाध्यक्ष शैलेंद्र चंद्र मिश्र, प्रबंधक सुरेश त्रिवेदी, उप-प्रबंधक सुंदर लाल जायसवाल तथा कोषाध्यक्ष रविशंकर मिश्रा शामिल रहे।
विद्यालय के प्रबंधक श्री सुरेश त्रिवेदी ने विद्यालय की प्रगति और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। बैठक के दौरान विद्यालय भवन के विस्तार एवं मरम्मत कार्यों को गति देने, छात्रों के लिए आधुनिक एवं आरामदायक फर्नीचर की व्यवस्था करने तथा पठन-पाठन के स्तर को और अधिक बेहतर बनाने हेतु रणनीति तैयार करने पर सहमति बनी।प्रबंध समिति ने विद्यालय के समस्त स्टाफ के साथ भी बैठक की, जिसमें शिक्षकों की समस्याओं और सुझावों को सुना गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ प्रवक्ता रंगलाल चौधरी सहित विद्यालय के सभी शिक्षक और कर्मचारी उपस्थित रहे।बैठक के अंत में समिति के सदस्यों ने कहा कि उनका उद्देश्य विद्यालय को एक आदर्श शिक्षण संस्थान बनाना है, जहाँ छात्रों को न केवल किताबी ज्ञान बल्कि बेहतर परिवेश और सुविधाएँ भी मिल सकें।














