मुंबई/वशिष्ठ वाणी: मलाड वेस्ट के न्यू लिंक रोड पर स्थित धीरज सागर बिल्डिंग (ठीक गोरेगांव स्पोर्ट्स क्लब के सामने, एकता नगर) के बाहर का इलाका इन दिनों अवैध पार्किंग का मुख्य अड्डा बन चुका है। सड़क पर बेतरतीब खड़ी होने वाली गाड़ियों के कारण यहाँ से गुजरने वाले वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को हर वक्त भारी जाम और दुर्घटनाओं के खतरे का सामना करना पड़ता है।
खेल वही, किरदार वही, पर ट्रैफिक पुलिस अनजान!
- सड़क पर कब्जा: गोरेगांव स्पोर्ट्स क्लब के सामने का व्यस्त मार्ग पहले ही ट्रैफिक के दबाव में रहता है, ऊपर से धीरज सागर बिल्डिंग के पास फैली इस अवैध पार्किंग ने स्थिति को और बदतर बना दिया है।
- अधिकारियों की चुप्पी: नियम तोड़ने वालों पर तुरंत शिकंजा कसने का दावा करने वाला गोरेगांव ट्रैफिक विभाग इस विशेष पॉइंट पर आकर पूरी तरह गूंगा और बहरा क्यों हो जाता है?
- जिम्मेदारी से भागता महकमा: खबरों के जरिए लगातार पर्दाफाश किए जाने के बावजूद स्थानीय ट्रैफिक अधिकारी इस गंभीर समस्या पर कार्रवाई करने से कतरा रहे हैं, जिससे जनता में भारी रोष है।
‘वशिष्ठ वाणी’ की दो टूक चेतावनी:
अवैध कब्जों को संरक्षण देने का यह खेल अब और नहीं चलेगा। यदि गोरेगांव ट्रैफिक विभाग ने धीरज सागर बिल्डिंग और स्पोर्ट्स क्लब के सामने के इस रास्ते को तुरंत अतिक्रमण मुक्त नहीं कराया, तो इस प्रशासनिक लापरवाही और नाकामी के हर एक जिम्मेदार चेहरे को अखबार के जरिए बेनकाब किया जाएगा!











