लोकप्रिय विषयमहाराष्ट्रसम्पादकीयकवितास्वास्थ्यअपराधअन्यवीडियो

मंदिरों से घंटे चोरी करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, 24 घंटे व जेवरात बरामद

वाराणसी/वशिष्ठ वाणी: पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत मंडुवाडीह थाना पुलिस ने मंदिरों से घंटे चोरी करने वाले एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने क्षेत्र के कई मंदिरों में चोरी करने के साथ-साथ बीएलडब्ल्यू क्षेत्र के एक घर में नकबजनी कर जेवरात और नकदी भी चुराए थे।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 24 पीली धातु के घंटे, एक चेन, गलाई हुई सफेद धातु, लोहा काटने का कटर, 1,580 रुपये नकद और एक स्कूटी बरामद की है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान बलराम मिश्रा उर्फ कल्लू मिश्रा (26 वर्ष), पुत्र संतोष मिश्रा, निवासी ग्राम नियार थाना चोलापुर (हाल निवास चुरामनपुर, थाना लोहता) के रूप में हुई। पुलिस ने उसे बुधवार सुबह करीब 05:45 बजे नाथूपुर क्रॉसिंग गेट के पास से पकड़ा।

रेकी कर मंदिरों और खाली मकानों में करता था चोरी

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह भुल्लनपुर, बीएलडब्ल्यू, कंदवा सहित अन्य क्षेत्रों में दिन में रेकी करता और देर रात सुनसान मंदिरों व बंद मकानों को निशाना बनाता था। ताले काटने के लिए कटर का इस्तेमाल करता था। बरामद घंटे नाथूपुर शिव मंदिर, डीह बाबा मंदिर और भुल्लनपुर स्थित रामजियावन बीर बाबा मंदिर से चोरी किए गए थे।

बीएलडब्ल्यू क्षेत्र के एक क्वार्टर से चोरी किए जेवरात को आरोपी ने बेच दिया था तथा कुछ को पिघला दिया था। नकदी खर्च कर दी गई थी। घंटे बेचने की फिराक में ही वह पकड़ा गया।

चार मामलों का खुला राज

पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी के साथ चार मामलों का सफल अनावरण हुआ है—

  • 03 जनवरी 2026: नाथूपुर शिव मंदिर से घंटे चोरी (केस संख्या 006/2026)
  • 07 जनवरी 2026: डीह बाबा मंदिर से घंटे चोरी (केस संख्या 011/2026)
  • 07 जनवरी 2026: रामजियावन बीर बाबा मंदिर से घंटे चोरी (केस संख्या 012/2026)
  • 12 दिसंबर 2025: बीएलडब्ल्यू मकान से जेवरात व नकदी चोरी (केस संख्या 354/2025)

आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उस पर सारनाथ थाना क्षेत्र में चोरी व धमकी के मामले दर्ज हैं।

पुलिस टीम व अभियान

यह कार्रवाई डीसीपी वरुणा जोन के निर्देशन और एडिशनल डीसीपी के पर्यवेक्षण में सहायक पुलिस आयुक्त रोहनिया के नेतृत्व में की गई। पकड़े जाने में उ0नि0 प्रदीप कुमार यादव, देवेंद्र दूबे, भीम ठाकुर, सुरेंद्र यादव सहित कई पुलिस कर्मियों की भूमिका रही।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस गिरफ्तारी से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment