Sunday, January 18, 2026
Google search engine
Homeउत्तर प्रदेशवाराणसीमासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी में पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के सख्त निर्देश

मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी में पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के सख्त निर्देश

माफियाओं की कमर तोड़ने, अवैध बांग्लादेशियों की पहचान और महिला अपराधों पर ‘जीरो टॉलरेंस’

वाराणसी/वशिष्ठ वाणी। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल द्वारा शनिवार को मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें जनपद की कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने हेतु सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर गहन समीक्षा करते हुए सख्त और स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए।

गोष्ठी के दौरान पुलिस आयुक्त ने संगठित अपराधों पर कठोर प्रहार करते हुए कहा कि “माफियाओं को तहस-नहस किया जाए” तथा अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान कर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

संगठित अपराधों पर वित्तीय शिकंजा

गौकशी, गौ-तस्करी, कोडीन युक्त कफ सिरप, वैश्यावृत्ति जैसे अपराधों में संलिप्त अपराधियों की गिरफ्तारी के साथ-साथ उनके वित्तीय विश्लेषण (Financial Analysis) कर पर्दे के पीछे सक्रिय माफियाओं तक पहुंचने और उनकी अवैध संपत्तियों को जब्त करने के निर्देश दिए गए।

ऑपरेशन टॉर्च और सत्यापन अभियान

ऑपरेशन टॉर्च” के तहत झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्रों में निवासरत संदिग्ध व्यक्तियों का 100 प्रतिशत सत्यापन कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि कोई भी संदिग्ध व्यक्ति छूट न पाए।

महिला एवं बाल सुरक्षा पर जीरो टॉलरेंस

महिला एवं बालिका संबंधी अपराधों, विशेषकर पॉक्सो एक्ट के मामलों में ‘Zero Tolerance’ नीति अपनाने के निर्देश दिए गए।
एंटी-रोमियो स्क्वॉड को स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थानों, बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अधिक सक्रिय और दृश्यात्मक रूप से तैनात करने, शोहदों की सूची बनाकर उनकी निरंतर निगरानी और छेड़खानी, स्टॉकिंग, घरेलू हिंसा जैसे मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

लंबित विवेचनाओं और सीएम डैशबोर्ड पर विशेष फोकस

सीएम डैशबोर्ड, आईजीआरएस एवं जनसुनवाई से प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया। सभी पुलिस उपायुक्त, सहायक पुलिस आयुक्त एवं थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लंबित विवेचनाओं की नियमित समीक्षा कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

गंभीर अपराधों पर सर्वोच्च प्राथमिकता

हत्या, लूट, दुष्कर्म एवं संगठित अपराधों की विवेचना को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समय-सीमा में अनावरण और निस्तारण के निर्देश दिए गए। गैंगस्टर, हिस्ट्रीशीटर एवं टॉप-10 अपराधियों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने तथा बीट पुलिस से नियमित रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने को कहा गया।

अवैध गतिविधियों और मादक पदार्थों पर कार्रवाई

अवैध शराब, जुआ, सट्टा, अवैध स्पा सेंटर एवं मादक पदार्थों की तस्करी/बिक्री के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर कठोर वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

शांति व्यवस्था और निरोधात्मक कार्रवाई

संभावित विवादों की रोकथाम हेतु धारा 126/135 एवं 170 BNSS के अंतर्गत समयबद्ध निरोधात्मक कार्रवाई, असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी और शांति व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया गया।

रात्रिगश्त, पिकेटिंग और सीसीटीवी

मुख्य मार्गों, बाजारों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में फुट पेट्रोलिंग की दृश्यता बढ़ाने, रात्रिकालीन पिकेट प्वाइंट्स की संख्या बढ़ाने तथा हॉटस्पॉट क्षेत्रों में रात्रि 10 बजे से सुबह 5 बजे तक डोमिनेशन पेट्रोलिंग प्रभावी रूप से संचालित करने के निर्देश दिए गए।
अपराध की पुनरावृत्ति वाले क्षेत्रों में अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने हेतु भी प्रेरित किया गया।

यातायात व्यवस्था और ऑपरेशन चक्रव्यूह

अतिक्रमण हटाने, सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत बिना नंबर प्लेट, काली फिल्म लगे वाहन, तीन सवारी, गलत दिशा में वाहन चलाने, ओवरस्पीडिंग, नशे में वाहन चलाने एवं बिना परमिट ई-रिक्शा/ऑटो के विरुद्ध सघन अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

जनसुनवाई और पुलिस व्यवहार

पुलिसकर्मियों को जनता के साथ संवेदनशील, शालीन और सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार अपनाने तथा सभी अधिकारियों को निर्धारित समय पर अनिवार्य रूप से कार्यालय में उपस्थित रहकर जनसुनवाई करने के निर्देश दिए गए।

गोष्ठी में अपर पुलिस आयुक्त (मुख्यालय एवं कानून-व्यवस्था) शिवहरी मीणा, अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) राजेश कुमार सिंह सहित समस्त पुलिस उपायुक्त, अपर पुलिस उपायुक्त, सहायक पुलिस आयुक्त, थाना प्रभारी एवं अन्य अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments