लोकप्रिय विषयमहाराष्ट्रसम्पादकीयकवितास्वास्थ्यअपराधअन्यवीडियो

Celebrity Brand Valuation में शाहरुख खान बने नंबर-1, रणवीर सिंह दूसरे स्थान पर; विराट कोहली खिसके तीसरे पायदान पर

मुंबई: वित्तीय सलाहकार फर्म क्रोल (Kroll) ने अपनी ‘सेलेब्रिटी ब्रांड वैल्यूएशन रिपोर्ट 2025’ (Celebrity Brand Valuation Report 2025) जारी की है, जिसमें भारत के टॉप 25 सेलेब्रिटीज का दबदबा देखने को मिल रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, भारत के टॉप 25 सेलेब्रिटी ब्रांड्स की कुल वैल्यू लगभग 2 अरब अमेरिकी डॉलर (तकरीबन ₹19,000 करोड़) आंकी गई है। इस लिस्ट में 13 पुरुष और 12 महिला सेलेब्रिटीज शामिल हैं, जिनकी रैंकिंग उनके एंडोर्समेंट पोर्टफोलियो और सोशल मीडिया उपस्थिति के आधार पर तय की गई है।

शाहरुख खान ने मारी बड़ी छलांग

इस साल की रिपोर्ट में सबसे बड़ा बदलाव शीर्ष स्थान पर देखने को मिला है। बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरुख खान ने बड़ी छलांग लगाते हुए देश के सबसे मूल्यवान सेलेब्रिटी ब्रांड का ताज अपने नाम कर लिया है। वर्ष 2024 की रैंकिंग में तीसरे स्थान पर मौजूद शाहरुख खान अब 177.9 मिलियन अमेरिकी डॉलर की ब्रांड वैल्यू के साथ नंबर-1 बन गए हैं।

रणवीर सिंह का जलवा बरकरार, विराट कोहली पिछड़े

अभिनेता रणवीर सिंह 162.9 मिलियन अमेरिकी डॉलर (तकरीबन ₹1,548 करोड़) की ब्रांड वैल्यू के साथ दूसरे स्थान पर काबिज हैं। उन्होंने क्रिकेट स्टार विराट कोहली को पीछे छोड़ते हुए अपनी दूसरी रैंक बरकरार रखी है।

दूसरी ओर, पिछले साल की सूची में शीर्ष पर रहने वाले स्टार क्रिकेटर विराट कोहली इस बार 158.4 मिलियन अमेरिकी डॉलर (तकरीबन ₹1,506 करोड़) की ब्रांड वैल्यू के साथ तीसरे पायदान पर खिसक गए हैं।

फिल्मों की सफलता और एंडोर्समेंट का असर

यह रैंकिंग ऐसे समय पर सामने आई है जब शाहरुख खान अपनी आगामी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘किंग’ को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। वहीं, रणवीर सिंह ‘धुरंधर’ फ्रेंचाइजी की ब्लॉकबस्टर सफलता के बाद बॉलीवुड बॉक्स ऑफिस पर नए रिकॉर्ड गढ़ रहे हैं।

रिपोर्ट के आंकड़े स्पष्ट करते हैं कि स्क्रीन पर शानदार प्रदर्शन के साथ-साथ एंडोर्समेंट्स और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर मजबूत उपस्थिति के दम पर शाहरुख खान और रणवीर सिंह भारतीय एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के सबसे बड़े ब्रांड्स के रूप में उभरे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment