वाराणसी/वशिष्ठ वाणी: लंका थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ रैपिडो चालक द्वारा छेड़खानी और अभद्रता करने का गंभीर मामला सामने आया है। महिला की सूझबूझ और लंका पुलिस की त्वरित मुस्तैदी के कारण एक बड़ी अनहोनी टल गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी रैपिडो चालक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका एक साथी अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
सुनसान रास्ते पर ले जाने का किया प्रयास
दर्ज शिकायत के अनुसार, 8 जुलाई 2026 को पीड़िता श्रेयांशी पाण्डेय ने लंका थाने में लिखित तहरीर दी। पीड़िता का आरोप है कि रैपिडो चालक और उसके साथी ने उसे तय रूट के बजाय एक सुनसान और गलत रास्ते पर ले जाने का प्रयास किया। जब महिला ने इसका कड़ा विरोध किया, तो दोनों आरोपियों ने उसके साथ बदतमीजी की, अश्लील भाषा का प्रयोग किया और छेड़खानी शुरू कर दी।
पिता के साथ भी की बदसलूकी, सरकारी काम में डाला रोड़ा
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि विरोध करने पर आरोपियों ने उसका पीछा भी किया। घबराई महिला ने तुरंत अपने परिवार को सूचना दी। जब उसके पिता मौके पर पहुंचे, तो दबंग आरोपियों ने उनके साथ भी गाली-गलौज और अभद्रता की। यही नहीं, सूचना पाकर मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों के साथ भी आरोपियों ने उलझने और उनके सरकारी कार्य में बाधा डालने का प्रयास किया।
मऊ का रहने वाला है गिरफ्तार आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए लंका पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राहुल यादव (23 वर्ष), पुत्र जय हरि यादव, निवासी नगवा, थाना हलधरपुर, जनपद मऊ के रूप में हुई है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा संख्या 326/2026 दर्ज कर लिया है। मामले की कमान महिला उपनिरीक्षक पुष्पा सिंह पटेल को सौंपी गई है, जो इस केस की विवेचना कर रही हैं।
फरार आरोपी पर लड़कियों के अश्लील वीडियो बनाने का आरोप
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, फरार आरोपी भी एक रैपिडो चालक है और उसकी हरकतें बेहद संदिग्ध हैं। वह खुद को पत्रकार बताकर रील बनाता था और पुलिसकर्मियों के वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट करता था। इसके साथ ही उस पर रैपिडो से सफर करने वाली युवतियों के कथित रूप से अश्लील वीडियो और रील बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने का भी गंभीर आरोप लगा है। पुलिस इन सभी बिंदुओं पर गहराई से जांच कर रही है।
लंका थाना पुलिस का कहना है कि पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है और फरार आरोपी को भी जल्द ही गिरफ्तार कर सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।













