वाराणसी/वशिष्ठ वाणी। बीएचयू और काशी विश्वनाथ धाम पहुँचने वाले प्रतिदिन डेढ़ से दो लाख श्रद्धालुओं व पर्यटकों के कारण लंका क्षेत्र में लगातार ट्रैफिक दबाव बढ़ रहा है। इसी यातायात समस्या को गंभीरता से लेते हुए वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल सोमवार को स्वयं सड़कों पर उतरे और रविदास गेट से मालवीय गेट तक पैदल गश्त व स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने पाया कि कई दुकानदार अपने सामान सड़क पर फैलाकर बैठते हैं, जिससे मार्ग संकरा हो जाता है और जाम की स्थिति उत्पन्न होती है। खासतौर पर रविदास गेट के पास स्थित ‘पहलवान लस्सी’ दुकान पर कढ़ाई व सामग्री सड़क पर रखी हुई मिली। इस पर आयुक्त ने दुकानदार को अंतिम चेतावनी देते हुए कहा कि यदि दोबारा ऐसा पाया गया तो एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी

इसी क्रम में बिना नंबर प्लेट वाले मोटरसाइकिलों को जब्त करने के निर्देश दिए गए तथा अवैध पार्किंग पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने के आदेश जारी हुए।

पुलिस आयुक्त ने कहा—

“वाराणसी में रोजाना लगभग 2 लाख लोग बाहर से आते हैं, जिससे यातायात दबाव बढ़ता है। सड़कों पर अतिक्रमण अब बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”

यातायात को व्यवस्थित करने के लिए पुलिस नगर निगम के साथ मिलकर येलो और ऑरेंज लाइन मार्किंग के माध्यम से ऑटो व ई-रिक्शा के लिए पार्किंग ज़ोन चिन्हित कर रही है। साथ ही आगामी दिनों में कॉलर कोडेड पार्किंग सिस्टम लागू करने की योजना है, जिसके तहत दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए अलग-अलग रंग चिह्नित स्थान बनाए जाएंगे।

अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि क्षेत्र में निरंतर निगरानी रखी जाए और जाम की स्थिति बनने पर तुरंत कार्रवाई की जाए। यह कदम शहर में ट्रैफिक मैनेजमेंट को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण हस्तक्षेप माना जा रहा है, जिससे लंका-बीएचयू क्षेत्र में आने वाले दिनों में यातायात अधिक सुचारू और व्यवस्थित होने की उम्मीद है।