ग्राउंड रिपोर्ट: वशिष्ठ वाणी न्यूज़ नेटवर्क
मालाड वेस्ट / मुंबई: मुंबई में नाइटलाइफ़ और पब-बार के लिए तय समय-सीमा के नियमों की धज्जियाँ उड़ाने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। ‘वशिष्ठ वाणी’ की विशेष ग्राउंड रिपोर्टिंग में मुंबई के मालाड वेस्ट (लिंक रोड) स्थित ‘प्लैटिनम बार एंड रेस्टोरेंट’ (Platinum Bar and Restaurant) का एक बड़ा खुलासा हुआ है, जहाँ पुलिस प्रशासन की कथित मेहरबानी से देर रात 3-3 बजे तक शराब का दौर और महफ़िल जम रही है।
चालाकी का नेटवर्क: आगे शटर डाउन, बगल की सीढ़ी से सीक्रेट एंट्री
कार्रवाई और कानून से बचने के लिए बार संचालकों ने चालाकी का नया तरीका ढूंढ निकाला है। रात ढलते ही बार का मुख्य अगला हिस्सा पूरी तरह बंद और शांत कर दिया जाता है, ताकि बाहर से देखने पर लगे कि बार बंद हो चुका है। लेकिन असली खेल बार की बगल में बनी सीढ़ी से चलता है!
देर रात तक बगल की इसी सीढ़ी से ग्राहक बेधड़क चढ़ते-उतरते नज़र आते हैं। बाहर सड़क पर लाइन से खड़ी गाड़ियाँ और लगातार आ-जा रही जनता इस बात का पुख्ता प्रमाण है कि अंदर गैर-कानूनी तरीके से देर रात तक सर्विस चालू है।
बांगुर नगर पुलिस पर उठे गंभीर सवाल
सबसे चौंकाने वाली और गंभीर बात यह है कि जिस वक्त यह पूरा खेल चल रहा होता है, उसी दौरान क्षेत्र में गश्त लगाने वाली बांगुर नगर पुलिस की गाड़ियाँ वहाँ से लगातार गुजरती हैं।
‘वशिष्ठ वाणी’ की टीम जब मौके पर ग्राउंड कवरेज कर रही थी, तब पुलिस की गाड़ी खुद वहाँ मौजूद थी और पुलिस के दो हवलदार खड़े थे। उनके और बार कर्मियों के बीच क्या बातचीत चल रही थी, इसकी आधिकारिक पुष्टि तो नहीं हो पाई, लेकिन मीडिया का कैमरा और गाड़ी देखते ही पुलिसकर्मी तुरंत वहाँ से खिसक गए।
बड़ा सवाल: आखिर गश्त पर निकली पुलिस को देर रात 3 बजे बार के बाहर खड़ी गाड़ियों का काफ़िला और बगल की सीढ़ी से उतरते-चढ़ते लोग क्यों दिखाई नहीं देते? क्या यह सिर्फ़ लापरवाही है या फिर खाकी और बार संचालकों की गहरी साठगांठ?
स्थल विवरण (Location Details):
- बार का नाम: प्लैटिनम बार एंड रेस्टोरेंट (Platinum Bar and Restaurant)
- पता: कोरिया कंपाउंड, लिंक रोड, सब कुछ होटल के बगल में, राम नगर, मालाड वेस्ट, मुंबई।
- क्षेत्रीय थाना: बांगुर नगर पुलिस स्टेशन
स्थानीय नागरिकों और राहगीरों में इस अराजकता को लेकर भारी रोष है। अब देखने वाली बात यह होगी कि ‘वशिष्ठ वाणी’ के इस बड़े खुलासे के बाद मुंबई पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और बांगुर नगर पुलिस स्टेशन के जिम्मेदार अधिकारी इस अवैध गतिविधि और संदिग्ध भूमिका पर क्या ठोस कार्रवाई करते हैं!












