वाराणसी/ वशिष्ठ वाणी: कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने तथा युवा और महिला अधिकारियों को फील्ड में बेहतर प्रशिक्षण देने के उद्देश्य से वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट ने अहम कदम उठाया है। मोहित अग्रवाल ने 2023 बैच की परिवीक्षाधीन IPS अधिकारी मानसी दहिया को चोलापुर थाने का स्वतंत्र प्रभार सौंपा है। वह अगले 12 सप्ताह तक थाना प्रभारी के रूप में अपनी सेवाएं देंगी।
यह नियुक्ति उनके जनपदीय व्यावहारिक प्रशिक्षण (District Practical Training) का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस दौरान मानसी दहिया वरुणा जोन के अंतर्गत क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध नियंत्रण से जुड़े महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन करेंगी।
प्रमुख जिम्मेदारियां
- क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना
- अपराध नियंत्रण और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई
- थाना प्रशासन का प्रभावी संचालन
- जनसुनवाई के माध्यम से आम जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण
हरियाणा की बेटी, काशी में दिखाएंगी दमखम
मूल रूप से सोनीपत, हरियाणा की रहने वाली मानसी दहिया शैक्षणिक रूप से भी काफी मेधावी हैं। उन्होंने B.Sc. और B.Ed. की डिग्री प्राप्त करने के बाद 77वें RR बैच (2023) में भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में सफलता हासिल की।
प्रशिक्षण अवधि के दौरान वह अपने अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ समन्वय बनाकर पुलिसिंग की बारीकियां सीखेंगी। साथ ही फील्ड में अपराध रोकथाम, थाना प्रबंधन और प्रशासनिक कार्यों का नेतृत्व भी करेंगी।
इस अवसर पर मोहित अग्रवाल ने कहा,
“युवा नेतृत्व और महिला अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी से पुलिस प्रशासन में पारदर्शिता और संवेदनशीलता बढ़ती है।”
यह नियुक्ति न केवल वाराणसी पुलिस के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है, बल्कि महिला IPS अधिकारियों के लिए भी प्रेरणादायक कदम साबित हो सकती है।














