मुंबई/वशिष्ठ वाणी: कांदिवली वेस्ट स्थित भूमि पार्क रोड (छत्रपती शिवाजी महाराज कॉम्प्लेक्स के पास) का नजारा देखकर ऐसा लगता है जैसे यहाँ कानून नाम की कोई चीज ही नहीं बची है। भारत गैस एजेंसी के मालिक द्वारा सरेआम मुख्य सड़क और सार्वजनिक रास्ते पर अवैध कब्जा कर उसे अपना निजी गोदाम बना लिया गया है। हैरानी की बात यह है कि जनता के रास्ते को घेरकर किए जा रहे इस अवैध कारोबार पर चारकोप पुलिस, कांदिवली ट्रैफिक विभाग और बीएमसी (BMC) पूरी तरह आँखें मूंदकर बैठे हैं।
सड़क पर सिलेंडरों का कब्जा और प्रशासन की चुप्पी
- जनता की सुरक्षा से खिलवाड़: व्यस्त सड़क पर गैस सिलेंडरों और गाड़ियों की अवैध आवाजाही से किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों की नींद फिर भी नहीं खुल रही है।
- अधिकारियों का मौन समर्थन: जब स्थानीय लोगों द्वारा लगातार शिकायतें की जा रही हैं, तब भी चारकोप पुलिस और ट्रैफिक विभाग का इस तरह अनजान बनना गहरी मिलीभगत और मेहरबानी की ओर इशारा करता है।
- बीएमसी की लाचारी या सांठगांठ: अतिक्रमण हटाने के दावे करने वाली बीएमसी को क्या यह अवैध गोदाम बना चुकी सड़क नजर नहीं आती? या फिर रसूखदारों के आगे पूरा प्रशासनिक तंत्र नतमस्तक हो चुका है?
‘वशिष्ठ वाणी’ की दो टूक चेतावनी:
आम जनता की जान को जोखिम में डालकर सड़क पर यह अवैध धंधा अब और अधिक सहन नहीं किया जाएगा। यदि चारकोप पुलिस, कांदिवली ट्रैफिक विभाग और बीएमसी ने मिलकर इस अवैध गैस गोदामनुमा कब्जे को तुरंत खाली नहीं कराया, तो इस प्रशासनिक संरक्षण और लापरवाही के हर एक चेहरे को बेनकाब करने के लिए ‘वशिष्ठ वाणी’ अपनी कलम की ताकत और तेज करेगा!











