मुंबई | वशिष्ठ वाणी | मालाड (पश्चिम) से रिपोर्ट
Mumbai के मालाड (पश्चिम) स्थित मालवणी अंबोजवाड़ी क्षेत्र में सीसी रोड निर्माण कार्य को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। सामाजिक कार्यकर्ता सम्राट बागुल ने आरपीएस इंफ्राप्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड पर गंभीर आरोप लगाते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, पी/नॉर्थ डिवीजन के अंतर्गत वेस्टर्न सबर्ब्स टेंडर कोड नंबर 446 के तहत मालवणी गेट नंबर 8, अंबोजवाड़ी (मुंबई 400095) में सीसी रोड का निर्माण कार्य जारी है। लेकिन इस प्रोजेक्ट में बड़े पैमाने पर अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोप सामने आ रहे हैं।
सम्राट बागुल का आरोप है कि निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है। सड़क निर्माण के दौरान उचित खुदाई नहीं की गई और मिट्टी तथा खड़ी (ग्रेवल) का सही उपयोग नहीं हुआ, बल्कि सामग्री को ऊपर-ऊपर ही डाल दिया गया। इसके अलावा, ड्रेनेज निर्माण में अंडरग्राउंड राफ्टिंग नहीं किए जाने से भविष्य में दीवार गिरने का खतरा बताया जा रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि इस लापरवाही के कारण आने वाले समय में सड़क में दरारें पड़ सकती हैं और पूरी सड़क जल्दी खराब हो सकती है।
सुरक्षा और नियमों की अनदेखी:
- मजदूरों को सुरक्षा उपकरण (रबर के जूते, दस्ताने) नहीं दिए गए
- निर्माण स्थल पर बैरिकेडिंग का अभाव
- सड़क पर फैले मटीरियल से धूल प्रदूषण बढ़ रहा है
इस मामले में सम्राट बागुल ने एक अहम सवाल उठाया है कि क्या नगर निगम के रोड डिपार्टमेंट के इंजीनियर आरपीएस कंपनी को सहयोग कर रहे हैं।
शिव सम्राट फाउंडेशन के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने मुख्यमंत्री, नगर निगम आयुक्त, वेस्टर्न सबर्ब्स के डिप्टी चीफ इंजीनियर (रोड्स) और पी/नॉर्थ डिवीजन के असिस्टेंट इंजीनियर को लिखित शिकायत भेजी है। शिकायत में मांग की गई है कि पूरे प्रोजेक्ट की निष्पक्ष जांच कर दोषी कंपनी पर जुर्माना लगाया जाए और सख्त कार्रवाई की जाए।
मुख्य मांगें:
- निर्माण कार्य की तकनीकी जांच
- घटिया मटीरियल उपयोग की जांच
- जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय हो
- दोषी कंपनी पर जुर्माना और कार्रवाई
अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि प्रशासन इस गंभीर शिकायत पर क्या कदम उठाता है और स्थानीय नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण सड़क मिलती है या नहीं।













