- आर. यू. सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में किया आमंत्रित; पत्रकारिता में योगदान की सराहना, मालवणी के विकास को लेकर उठाई गंभीर आवाज
मुंबई/वशिष्ठ वाणी। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मालवणी गेट नंबर-1 स्थित बिल्डिंग दीपमाला के समीप आयोजित विशेष कार्यक्रम में वशिष्ठ मीडिया हाउस प्राइवेट लिमिटेड के चेयरमैन एवं स्वामी-प्रकाशक श्री अभिषेक अनिल वशिष्ठ ने मुख्य अतिथि के रूप में तिरंगा फहराया। कार्यक्रम में समाजसेवी एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता श्री आर. यू. सिंह ने उन्हें मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया था। इस अवसर पर भाजपा नेता जॉन डैनिस सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान आर. यू. सिंह की मौजूदगी में एक महिला द्वारा श्री अभिषेक अनिल वशिष्ठ को शाल ओढ़ाकर एवं नारियल भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मान के दौरान उपस्थित लोगों ने उनका अभिनंदन किया और पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की।
इस अवसर पर आर. यू. सिंह ने कहा कि जिस तरह अभिषेक वशिष्ठ पत्रकारिता के माध्यम से समाज और आम जनता से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं, वह सराहनीय है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अभिषेक वशिष्ठ भविष्य में भी इसी तरह जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाते रहेंगे।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान राष्ट्रध्वज के सम्मान, देश के प्रति नागरिकों के कर्तव्य और स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर भी चर्चा हुई। साथ ही मालवणी के विकास और क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं को लेकर भी गंभीर विचार-विमर्श हुआ।
“सत्ता में कोई भी हो, मालवणी का विकास सबसे जरूरी”
मुख्य अतिथि अभिषेक अनिल वशिष्ठ ने कहा कि मालवणी और पूरे मलाड क्षेत्र के विकास को लेकर गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पिछले 15-20 वर्षों में मालवणी में जिस स्तर का विकास होना चाहिए था, वह अपेक्षित रूप से दिखाई नहीं देता।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि “सत्ताधारी कोई भी हो, अधिकारी कोई भी हो, लेकिन मालवणी का विकास होना चाहिए। विकास सबसे महत्वपूर्ण है।”
अभिषेक वशिष्ठ ने कहा कि मालवणी में ट्रैफिक की समस्या एक बड़ी चुनौती है। इसके साथ ही ड्रग्स और नशे से जुड़ी समस्या का भी प्रभावी तरीके से समाधान होना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर मालवणी विकास की दौड़ में पीछे क्यों रहे और इस क्षेत्र की समस्याओं पर अपेक्षित ध्यान क्यों नहीं दिया जा रहा है?
उन्होंने कहा कि मालवणी को भी ऐसा विकसित और खूबसूरत क्षेत्र बनाया जाना चाहिए, जहां आने वाले समय में लोग गर्व के साथ कहें कि “मालवणी में भी हमारा घर होना चाहिए।”
उन्होंने कहा कि मालवणी में विकास की काफी संभावनाएं हैं। जरूरत केवल इच्छाशक्ति और सही दिशा में काम करने की है। क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को समझकर उनका स्थायी समाधान किया जाए तो मालवणी को भी एक बेहतर और विकसित क्षेत्र के रूप में स्थापित किया जा सकता है।
“हमारा उद्देश्य किसी के खिलाफ नहीं, विकास के पक्ष में आवाज उठाना है”
अभिषेक वशिष्ठ ने कहा कि उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल के खिलाफ खड़ा होना नहीं है। उनका उद्देश्य जनहित के मुद्दों को सामने लाना और क्षेत्र के विकास के लिए आवाज उठाना है।
उन्होंने कहा कि सत्ता में कोई भी रहे, अधिकारी कोई भी हो, पत्रकारिता का दायित्व है कि जनता से जुड़े सवालों को सामने रखा जाए। मालवणी के विकास, ट्रैफिक व्यवस्था, नशे की समस्या और अन्य जनसमस्याओं पर गंभीरता से काम करने की जरूरत है।
आर. यू. सिंह ने मालवणी के मुद्दे को बताया गंभीर
कार्यक्रम में अभिषेक वशिष्ठ द्वारा मालवणी के विकास और क्षेत्र की समस्याओं को लेकर उठाए गए मुद्दों की उपस्थित लोगों ने सराहना की। आर. यू. सिंह ने भी मालवणी के विकास के विषय को गंभीर बताते हुए कहा कि क्षेत्र की समस्याओं पर सभी को मिलकर ध्यान देने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में भाजपा नेता जॉन डैनिस सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान राष्ट्र और समाज से जुड़े विषयों के साथ-साथ मालवणी के भविष्य और विकास को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
पत्रकारिता के क्षेत्र में वशिष्ठ मीडिया समूह की लंबी यात्रा
उल्लेखनीय है कि श्री अभिषेक अनिल वशिष्ठ, वशिष्ठ मीडिया हाउस प्राइवेट लिमिटेड के चेयरमैन एवं स्वामी-प्रकाशक हैं। उनके नेतृत्व में मुंबई से विभिन्न समाचार पत्र एवं पत्रिकाएं प्रकाशित होती हैं।
संसद वाणी साप्ताहिक समाचार पत्र ने पत्रकारिता के क्षेत्र में 15 वर्ष पूरे किए हैं। वहीं वशिष्ठ वाणी दैनिक समाचार पत्र और फेमस लुक मासिक पत्रिका ने प्रकाशन के क्षेत्र में 10 वर्ष पूरे किए हैं। इसके साथ ही संसद वाणी एवं वशिष्ठ वाणी दैनिक समाचार पत्र वाराणसी उत्तर प्रदेश से बीप्रकाशित होता है।
वशिष्ठ मीडिया समूह का उद्देश्य पत्रकारिता के माध्यम से समाज, राजनीति, प्रशासन, अपराध, विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से सामने लाना तथा आम जनता की आवाज को प्रभावी मंच प्रदान करना है।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम केवल ध्वजारोहण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि मालवणी के विकास और स्थानीय समस्याओं पर सार्थक चर्चा का मंच भी बना। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने क्षेत्र के विकास को लेकर उठाई गई आवाज की सराहना की और उम्मीद जताई कि आने वाले समय में मालवणी को बेहतर सुविधाओं और सुनियोजित विकास के साथ एक विकसित क्षेत्र के रूप में नई पहचान मिलेगी।












