वाराणसी/वशिष्ठ वाणी: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद काशीवासियों के लिए श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में एक ऐतिहासिक व्यवस्था लागू की गई है। स्थानीय नागरिकों की सुविधा को देखते हुए अब मंदिर का द्वार संख्या 4-बी, जिसे ‘काशी द्वार’ नाम दिया गया है, पूरे दिन के लिए खोल दिया गया है। इस नई व्यवस्था के लागू होने से अब बनारस के लोगों को बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए लंबी कतारों में नहीं लगना पड़ेगा। वे स्थानीय पहचान पत्र दिखाकर सीधे बाबा की चौखट तक पहुंच सकेंगे।
सुबह से रात तक मिलेगी विशेष प्रवेश की सुविधा
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने साल 2024 में इस विशेष व्यवस्था की शुरुआत की थी, लेकिन तब काशीवासियों को केवल सुबह और शाम को 4 से 5 बजे तक ही इस द्वार से प्रवेश मिलता था। अब योगी सरकार ने इसका विस्तार कर दिया है।
धाम के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण मिश्र ने बताया कि काशीवासी अब प्रतिदिन सुबह 4:15 बजे से रात 10:45 बजे तक (मंदिर खुलने के 15 मिनट बाद से मंदिर बंद होने के 15 मिनट पहले तक) ‘काशी द्वार’ से सीधे प्रवेश कर सकते हैं। हालांकि, विशेष तिथियों और प्रमुख त्योहारों के दिनों में यह सुविधा लागू नहीं होगी।
शुरुआती दो दिनों में ही उमड़ी भारी भीड़
इस विस्तारित व्यवस्था को स्थानीय जनता का भारी समर्थन मिल रहा है। शुरुआत के दो दिनों में ही कुल 13,884 स्थानीय नागरिकों ने इस विशेष द्वार से बाबा के सुलभ दर्शन किए। इसमें पहले दिन 8 जुलाई को 8,688 और दूसरे दिन 9 जुलाई की दोपहर 1:30 बजे तक 5,196 काशीवासी शामिल रहे।
स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने जताया सीएम योगी का आभार
विश्वनाथ धाम के भव्य स्वरूप के बाद से देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या कई गुना बढ़ गई थी, जिसके कारण स्थानीय लोगों को दर्शन के लिए घंटों इंतजार करना पड़ता था। इस नई व्यवस्था से काशी के आम नागरिकों और मंदिर क्षेत्र के व्यापारियों में हर्ष का माहौल है।
स्थानीय निवासी संगीता गौरव ने प्रसन्नता जताते हुए कहा कि भीड़ के कारण पहले दर्शन बहुत मुश्किल हो गया था, लेकिन मुख्यमंत्री ने हमारी आवाज सुन ली। वहीं स्थानीय कारोबारी रितेश राय और आनंद सेठ ने बताया कि कतारों में लगने के कारण पहले उनका आधा दिन चला जाता था जिससे व्यापार प्रभावित होता था, लेकिन अब इस सुलभ दर्शन की व्यवस्था से समय की बड़ी बचत होगी। सभी ने इस ऐतिहासिक फैसले के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया है।














