अफवाह फैलाने और कालाबाजारी करने वालों पर कड़ी नजर, पकड़े जाने पर होगी सख्त कार्रवाई
वाराणसी: जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने स्पष्ट किया है कि जनपद में डीजल-पेट्रोल और घरेलू गैस सिलिंडरों की कोई कमी नहीं है। सभी पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों पर पर्याप्त मात्रा में ईंधन उपलब्ध है और आपूर्ति निर्बाध रूप से जारी है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराने की आवश्यकता नहीं है।
जिलाधिकारी ने बताया कि ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के साथ लगातार समन्वय स्थापित कर पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस की आपूर्ति सुचारू रूप से कराई जा रही है। बुधवार को सभी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के अधिकारियों के साथ बैठक कर मौजूदा स्थिति की समीक्षा की गई, जिसमें अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्थिति पूरी तरह सामान्य है और आमजन को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि जनपद में अफवाह फैलाने और कालाबाजारी करने वालों पर प्रशासन की पैनी नजर है। यदि कोई व्यक्ति इस प्रकार की गतिविधियों में लिप्त पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पीएनजी गैस की आपूर्ति को भी सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों में भी गैस की सप्लाई सामान्य रूप से जारी है।
जिलाधिकारी ने उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि गैस की किल्लत को लेकर फैल रही अफवाहों से घबराने की जरूरत नहीं है। सभी उपभोक्ताओं को घरेलू गैस, पेट्रोल और डीजल सामान्य तरीके से मिलता रहेगा। उन्होंने बताया कि सामान्यतः एक परिवार में घरेलू गैस लगभग एक महीने तक चलती है, इसलिए अनावश्यक रूप से गैस की बुकिंग न करें। गैस प्राप्त करने के बाद दोबारा बुकिंग के लिए लगभग 25 दिन का अंतर रखा गया है।
जिलापूर्ति अधिकारी के.बी. सिंह ने बताया कि वाराणसी में कुल 81 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं और लगभग 10.36 लाख उपभोक्ता उनसे जुड़े हुए हैं। प्रतिदिन औसतन 23,600 गैस रिफिल किए जा रहे हैं, जो पहले की तरह सुचारू रूप से जारी हैं। सभी उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी के माध्यम से गैस उपलब्ध कराई जा रही है।














