लोकप्रिय विषयमहाराष्ट्रसम्पादकीयकवितास्वास्थ्यअपराधअन्यवीडियो

वाराणसी कचहरी में सनसनी: मानसिक रूप से परेशान महिला ने जज के सामने निकाला चाकू

  • वकील से विवाद के बाद हुई गिरफ्तारी

वाराणसी/वशिष्ठ वाणी: वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट के थाना कैंट क्षेत्र में बुधवार को एक घटना ने कोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। एसीजेएम षष्ठम (ACJM-06) कोर्ट में एक महिला ने अचानक जज के सामने चाकू निकाल लिया, जिससे कोर्ट रूम में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि पुलिस के अनुसार किसी को चोट नहीं पहुंची है।

जानकारी के मुताबिक, मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के ग्राम बेनीपुर चंगवार निवासी रेखा देवी (पति: महिंदर पटेल) अपने दो बच्चों—रवि (14 वर्ष) और रीतिका (12 वर्ष)—के साथ एक पुराने मारपीट मामले की पैरवी के लिए कोर्ट पहुंची थीं। इसी दौरान कोर्ट में मौजूद एक महिला अधिवक्ता से उनकी तीखी बहस और गाली-गलौज हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद बढ़ने पर रेखा देवी ने अपने बैग से चाकू निकाल लिया और अधिवक्ता को धमकाने लगीं। जज के कक्ष में हंगामे की सूचना मिलते ही कोर्ट परिसर में तैनात सुरक्षाकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और महिला को काबू में कर लिया।

महिला पुलिसकर्मियों की सहायता से उसे थाना कैंट लाया गया। प्रभारी निरीक्षक की पूछताछ में सामने आया कि रेखा देवी मानसिक रूप से अस्थिर बताई जा रही हैं और अक्सर लावारिस हालत में घूमती रहती हैं। मिर्जामुराद थाने के प्रभारी ने भी पुष्टि की कि महिला पूर्व में भी लोगों से विवाद, गाली-गलौज और हाथापाई करती रही है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिला ने जज या कोर्ट के साथ कोई अभद्रता नहीं की। विवाद केवल अधिवक्ता से हुआ था। फिलहाल महिला के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। प्रारंभिक जांच में उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं पाई गई है, इसलिए आगे की प्रक्रिया में चिकित्सकीय परीक्षण भी कराया जा सकता है।

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment