Sunday, January 18, 2026
Google search engine
Homeउत्तर प्रदेशवाराणसीऑपरेशन के बाद डिस्चार्ज मरीज़ की मौत पर बवाल

ऑपरेशन के बाद डिस्चार्ज मरीज़ की मौत पर बवाल

वाराणसी के निजी अस्पताल में तोड़फोड़, डॉक्टरों से मारपीट..


वाराणसी/वशिष्ठ वाणी। वाराणसी के महावीर मंदिर मार्ग स्थित इंफिनिटी केयर हॉस्पिटल में शनिवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक मरीज़ की मौत के बाद परिजनों ने चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा, तोड़फोड़ और मारपीट की। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतें दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला

चोलापुर थाना क्षेत्र के टिसौरा गांव निवासी कमलेश सिंह (47 वर्ष) का इंफिनिटी केयर हॉस्पिटल में हर्निया का ऑपरेशन किया गया था। अस्पताल प्रशासन के अनुसार ऑपरेशन सफल रहा और शुक्रवार को मरीज़ को डिस्चार्ज कर घर भेज दिया गया।

परिजनों का आरोप

परिजनों का कहना है कि शनिवार रात लगभग 10 बजे कमलेश सिंह की तबीयत अचानक बिगड़ गई। वे उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन आरोप है कि अस्पताल ने उन्हें भर्ती करने या तुरंत इलाज देने से मना कर दिया। परिजनों का दावा है कि समय पर इलाज न मिलने के कारण मरीज़ की मौत हो गई, जिससे आक्रोशित होकर उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया।

अस्पताल प्रशासन का पक्ष

अस्पताल के सीईओ विनीत विक्रम सिंह ने परिजनों द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि मरीज़ को अस्पताल लाए जाने पर बाहर ही स्ट्रेचर पर प्रारंभिक जांच की गई, जिसमें नाड़ी न चलने की पुष्टि हुई। डॉक्टरों के अनुसार मरीज़ की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी।

सीईओ ने बताया कि मृत घोषित किए जाने के बाद भी परिजनों ने इलाज शुरू करने का दबाव बनाया, लेकिन चिकित्सकीय मानकों के अनुसार मृत्यु की पुष्टि हो जाने के बाद इलाज संभव नहीं था। इसके बाद परिजनों को शव घर ले जाने की सलाह दी गई।

हिंसक हंगामा और तोड़फोड़

अस्पताल प्रशासन के अनुसार, शव ले जाने के लगभग आधे घंटे बाद परिजन 40-50 लोगों की भीड़ के साथ अस्पताल लौट आए और हिंसक हंगामा शुरू कर दिया। आक्रोशित भीड़ ने रिसेप्शन क्षेत्र में कंप्यूटर सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की तोड़फोड़ की।

इस दौरान एक डॉक्टर के साथ मारपीट की गई, वहीं अस्पताल के एक सुरक्षा गार्ड को भी पीटा गया, जिससे उसका सिर फट गया। हंगामे के दौरान अस्पताल के बाहर मौजूद एक अन्य मरीज़ के परिजन के साथ भी मारपीट की गई। सूचना पर पहुंची पीआरवी पुलिस टीम के जवानों के साथ भी गाली-गलौज किए जाने की बात सामने आई है।

पुलिस ने संभाली स्थिति

घटना की जानकारी मिलते ही कैंट थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति को नियंत्रित करते हुए दोनों पक्षों को समझाया। पुलिस ने परिजनों से तहरीर लेकर उन्हें जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद वे शव लेकर घर रवाना हुए।

अस्पताल प्रशासन की ओर से भी तोड़फोड़ और मारपीट को लेकर लिखित तहरीर दी गई है।

जांच जारी

पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों की शिकायतें दर्ज कर ली गई हैं। मामले की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज एवं बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments