Sunday, January 18, 2026
Google search engine
Homeउत्तर प्रदेशमऊसांसद की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की त्रैमासिक समीक्षा बैठक संपन्न

सांसद की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की त्रैमासिक समीक्षा बैठक संपन्न

  • सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु सभी के सहयोग पर दिया गया जोर

मऊ | वशिष्ठ वाणी। घोसी लोकसभा क्षेत्र के सांसद राजीव राय की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की त्रैमासिक समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई। बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई। सांसद ने जूम मीटिंग के माध्यम से बैठक की अध्यक्षता की, जबकि जनपद के समस्त उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, खंड विकास अधिकारी एवं अधिशासी अधिकारी भी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

बैठक के प्रारंभ में जिलाधिकारी प्रवीण मिश्र ने सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित आंकड़े प्रस्तुत करते हुए बताया कि नवंबर माह में कुल 336 सड़क दुर्घटनाओं में 184 लोगों की मृत्यु तथा 205 लोग घायल हुए थे, जबकि दिसंबर माह में जिला प्रशासन की सक्रियता एवं समन्वित प्रयासों से सड़क दुर्घटनाओं में 20 प्रतिशत तथा मौतों में 15 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।

जिलाधिकारी ने बताया कि नवंबर माह में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए सेवा फाउंडेशन के माध्यम से जनपद के सभी ब्लैक स्पॉट एवं दुर्घटना संभावित क्षेत्रों का सर्वे कराया गया। इसके बाद तैयार कार्ययोजना के अनुसार संबंधित विभागों द्वारा प्रभावी कार्रवाई की गई, जिसके सकारात्मक परिणाम दिसंबर माह में सामने आए।

जागरूकता और सख्त प्रवर्तन पर जोर

समीक्षा के दौरान सांसद राजीव राय ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए जनजागरूकता और नियमों का सख्त अनुपालन बेहद जरूरी है। उन्होंने स्कूल-कॉलेजों में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाने तथा ट्रैफिक पुलिस को यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में यातायात पुलिस द्वारा बेहतर कार्य किया गया है, जिसके कारण सकारात्मक परिणाम देखने को मिले हैं।

सांसद ने यातायात पुलिस एवं परिवहन विभाग को प्रवर्तन कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने आम नागरिकों से भी यातायात नियमों का पालन करने की अपील की, ताकि स्वयं के साथ-साथ दूसरों का जीवन भी सुरक्षित रह सके।

जनप्रतिनिधियों ने दिए सुझाव

विधान परिषद सदस्य देवेंद्र सिंह के प्रतिनिधि ने सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस अधीक्षक, यातायात पुलिस, कोतवाली थाना प्रभारी एवं जिलाधिकारी द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने सहरोज मोड़ पर ब्रेकर निर्माण, फातिमा गेट के सामने सड़क मरम्मत तथा ई-रिक्शा के लिए मार्ग निर्धारण का सुझाव दिया।

विधान परिषद सदस्य बिच्छेलाल राजभर ने कहा कि यातायात नियमों के पालन के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे। उन्होंने हलधरपुर-बेलौझी मार्ग पर ब्रेकर निर्माण, रतनपुरा से बलिया बॉर्डर तक सड़क मरम्मत तथा ओवरलोडिंग वाहनों पर कार्रवाई की मांग की। साथ ही बढ़ुवा गोदाम से अदरी मोड़ और डाड़ी मोड़ से मधुबन मार्ग को बाईपास से जोड़ने का सुझाव देते हुए इसके लिए एस्टीमेट तैयार कर प्रस्ताव भेजने को कहा।

प्रशासनिक निर्देश

बैठक में जिलाधिकारी ने एआरटीओ को ड्रंकन ड्राइव के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई एवं प्रवर्तन कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। खान अधीक्षक को खनन वाहनों की गति नियंत्रित करने और रिफ्लेक्टर लगाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने दुर्घटना की स्थिति में घायलों को गोल्डन आवर में अस्पताल पहुंचाने की अपील भी की।

जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों, क्षेत्राधिकारियों एवं खंड विकास अधिकारियों को सेवा फाउंडेशन द्वारा चिन्हित स्थलों का निरीक्षण कर वहां की गई कार्रवाई की समीक्षा करने और आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनवरी माह में सड़क दुर्घटनाओं एवं मौतों में 50 प्रतिशत तक कमी लाने का लक्ष्य निर्धारित करते हुए सभी संबंधित विभागों को विशेष प्रयास करने को कहा।

पुलिस अधीक्षक का बयान

बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक इलमारन ने कहा कि सेवा फाउंडेशन द्वारा दिए गए सुझावों पर अमल करने से दिसंबर माह में सड़क दुर्घटनाओं और मौतों में कमी आई है। आगे भी सभी विभाग मिलकर कार्य करेंगे, जिससे और बेहतर परिणाम प्राप्त किए जा सकें।

उपस्थित अधिकारी

बैठक में जनप्रतिनिधियों के अलावा जिला विद्यालय निरीक्षक, एआरटीओ, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, यातायात निरीक्षक, राष्ट्रीय राजमार्ग गोरखपुर व आजमगढ़ के प्रतिनिधि, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता, नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी तथा समस्त थाना प्रभारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments