Sunday, January 18, 2026
Google search engine
Homeउत्तर प्रदेशवाराणसीलेडी सिंघम’ नीतू काद्दयान ने दिव्यांग कल्याण कार्यक्रम का किया उद्घाटन

लेडी सिंघम’ नीतू काद्दयान ने दिव्यांग कल्याण कार्यक्रम का किया उद्घाटन

समाज को एकजुट होकर सहयोग करने का दिया संदेश


वाराणसी/वशिष्ठ वाणी। अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांग दिवस 2025 के अवसर पर वाराणसी में संजीवनी सोशल वेलफेयर सोसाइटी द्वारा संचालित दिव्यांग कल्याण प्रशिक्षण एवं पुनर्वास केंद्र में एक प्रेरणादायक और भावनात्मक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि वरुणा जोन की अपर पुलिस उपायुक्त (एडीसीपी) नीतू काद्दयान, जिन्हें ‘लेडी सिंघम’ के नाम से जाना जाता है, ने विधिवत उद्घाटन किया।

कार्यक्रम की शुरुआत एडीसीपी नीतू काद्दयान द्वारा भगवान श्रीकृष्ण के चित्र पर माल्यार्पण कर की गई। अपने संबोधन में उन्होंने संजीवनी संस्था के महासचिव डॉ. विद्यासागर पाण्डेय के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था न केवल दिव्यांगजनों के पुनर्वास और सशक्तिकरण के लिए कार्य कर रही है, बल्कि समाज में संवेदना, सहयोग और समावेशन की भावना को भी मजबूत कर रही है।

उन्होंने समाज के सभी वर्गों से अपील की कि वे दिव्यांगजन कल्याण से जुड़े कार्यों में बढ़-चढ़कर सहभागिता करें, ताकि दिव्यांग व्यक्तियों को सम्मानजनक और आत्मनिर्भर जीवन मिल सके।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

कार्यक्रम के दौरान दिव्यांग बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित अतिथियों को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत 7 वर्षीय बालक रौनक द्वारा प्रस्तुत स्वागत गान से हुई। इसके पश्चात दिव्यांग बच्चों द्वारा प्रस्तुत नाटिका ‘उम्मीद का नाम’ ने समाज को सकारात्मक सोच और आत्मबल का संदेश दिया। इस नाटिका में मधु, देवांश, रमेश, डॉ. के.के. पांडे, वेदवती, वंदना, अंकित एवं चंद्र जी ने प्रभावशाली भूमिकाएं निभाईं।

इसके अलावा बालक-बालिकाओं द्वारा प्रस्तुत मनोहारी नृत्य ने भी दर्शकों की खूब सराहना बटोरी, जिसमें जाह्नवी, अनामिका, अनन्य, अतुल, ईशान, प्रणव और काशी ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

संस्था के कार्यों की दी गई जानकारी

संजीवनी संस्था के महासचिव डॉ. विद्यासागर पांडे ने संस्था द्वारा दिव्यांगजनों के प्रशिक्षण, पुनर्वास एवं भविष्य में प्रस्तावित विस्तार योजनाओं की विस्तृत जानकारी साझा की। कार्यक्रम का सफल संचालन संस्था के संयुक्त सचिव दिवाकर द्विवेदी द्वारा किया गया।

इस अवसर पर संस्था के कोषाध्यक्ष डॉ. नर्वदेश्वर सिंह सहित हरिश्चंद्र त्रिपाठी, केंके चौबे, शैलेश श्रीवास्तव, माधवेंद्र पांडे, अरविंद पांडे, डॉ. चंदन पांडे, मनोज मिश्र, नगीना, आकाश सिंह, अजय श्रीवास्तव, वेदवती, अंकित, अनीता और रोहित चौबे समेत बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम ने समाज में दिव्यांगजनों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और सहयोग की भावना को और अधिक मजबूत करने का संदेश दिया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments