वाराणसी/वशिष्ठ वाणी। चितईपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत महामना नगर कॉलोनी में लंबे समय से प्रतीक्षित सड़क निर्माण कार्यों को लेकर विकास की नई शुरुआत हुई। वार्ड संख्या 39 एवं 33 में प्रस्तावित सड़कों के निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास नगर निगम वाराणसी के महापौर अशोक कुमार तिवारी द्वारा किया गया। इस अवसर पर वे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
महापौर अशोक कुमार तिवारी ने क्षेत्र में प्रस्तावित कई महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण कार्यों का शिलान्यास कर विकास कार्यों की औपचारिक शुरुआत की। कार्यक्रम में वार्ड संख्या 39 के सभासद श्याम भूषण शर्मा, वार्ड संख्या 33 के सभासद सुरेश उर्फ गुड्डू, एवं कन्हैया सिंह विशेष रूप से मौजूद रहे।
जनप्रतिनिधियों ने जानकारी दी कि महामना नगर कॉलोनी क्षेत्र में सड़क निर्माण की मांग स्थानीय नागरिकों द्वारा लंबे समय से की जा रही थी। नगर निगम द्वारा इस मांग को गंभीरता से लेते हुए अब सड़क निर्माण कार्य को धरातल पर उतारा जा रहा है। इससे न केवल क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी, बल्कि क्षेत्र के समग्र विकास को भी नई दिशा प्राप्त होगी।
इस अवसर पर महापौर श्री अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि “नगर निगम वाराणसी का उद्देश्य सभी वार्डों में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करना है। सड़क निर्माण, जलनिकासी एवं प्रकाश व्यवस्था जैसी आवश्यक सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर विकसित किया जा रहा है, ताकि आम नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार हो सके।”
शिलान्यास कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों की सहभागिता रही। उपस्थित लोगों में पार्षद सुरेश पटेल, पार्षद श्याम भूषण शर्मा, पार्षद गोपाल पटेल, पार्षद महेंद्र पटेल, पार्षद विनीत सिंह, शैलेश वर्मा, अनेक सिंह, शिव कुमार, सुभाष, कन्हैया, बैंक मीडिया प्रभारी अजीत यादव, पंकज जी, सुरेश प्रजापति, मंडल अध्यक्ष जयप्रकाश नारायण सिंह, आशा देवी सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
स्थानीय नागरिकों ने सड़क निर्माण कार्यों के शिलान्यास पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए नगर निगम प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार प्रकट किया और इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।


