Sunday, January 18, 2026
Google search engine
Homeबड़ी खबरबड़ी खबर: सोनी धापा बालिका इंटर कॉलेज में छात्राओं संग अमानवीय व्यवहार...

बड़ी खबर: सोनी धापा बालिका इंटर कॉलेज में छात्राओं संग अमानवीय व्यवहार के आरोप पर ABVP का उग्र प्रदर्शन

मऊव/शिष्ठ वाणी। मऊ सदर स्थित सोनी धापा बालिका इंटर कॉलेज में छात्राओं से कथित दुर्व्यवहार के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने बुधवार को कॉलेज गेट पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्राएं और संगठन कार्यकर्ता मौजूद रहे।

संगठन का आरोप है कि विद्यालय की भौतिक विज्ञान की अध्यापिका रिचा त्रिपाठी द्वारा छात्राओं एवं अभिभावकों के साथ अभद्र व्यवहार किया गया और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग हुआ। परिषद ने यह भी आरोप लगाया कि अध्यापिका द्वारा धर्म के आधार पर छात्राओं के बीच भेदभाव करने का प्रयास किया गया। इसी क्रम में एक छात्रा को कथित रूप से पीटे जाने के मामले में संगठन ने कहा कि उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाना पड़ा।

इसके अलावा शिक्षक राजेश सिंह पर भी एक छात्रा को शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने तथा अन्य छात्राओं के साथ छेड़खानी और अभद्र व्यवहार के आरोप लगाए गए हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि मामले की शिकायतें लंबे समय से प्रबंधन तक पहुंचाई गईं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

संगठन ने यह भी आरोप लगाया कि जब प्रतिनिधियों ने प्रबंधन से बातचीत का प्रयास किया तो उनके साथ भी दुर्व्यवहार हुआ और शिकायत न करने की चेतावनी दी गई। प्रदर्शन के दौरान कड़ाके की ठंड के कारण कॉलेज इकाई अध्यक्ष महक अग्रवाल बेहोश हो गईं, जिन्हें उपचार के बाद होश आया।

सूचना पर पहुंचे जिला विद्यालय निरीक्षक गौतम कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट व सीओ सिटी कृष राजपूत ने छात्राओं व संगठन प्रतिनिधियों से वार्ता कर मामले की जांच कराने एवं 24 घंटे के भीतर उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। परिषद की ओर से सीओ सिटी को ज्ञापन भी सौंपा गया।

छात्रा कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि निर्धारित समय सीमा में कार्रवाई न होने पर ABVP जिला प्रशासन के खिलाफ व्यापक आंदोलन छेड़ेगी।

इस दौरान जिला संयोजक अनन्या शर्मा, नगर मंत्री अविनाश गुप्ता, कॉलेज इकाई मंत्री महक अग्रवाल, जिला संगठन मंत्री ज्ञान प्रकाश सिंह, शुभम गुप्ता, अंशु सिंह पटेल, प्रज्ञा मिश्रा, सलोनी, नम्रता, आकांक्षा, नेहा, महिमा, प्रिया, शिवांगी, पृस्टी, अंशिका समेत बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments