मऊ | वशिष्ठ वाणी। कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के बीच असहाय एवं जरूरतमंद लोगों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से अपर जिलाधिकारी सत्यप्रिय सिंह ने देर रात तक विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर कंबल वितरण किया। इस दौरान उन्होंने रोडवेज, आजमगढ़ मोड़ सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर खुले में रह रहे जरूरतमंद लोगों को ठंड से बचाव हेतु कंबल उपलब्ध कराए।
अपर जिलाधिकारी ने नगर क्षेत्र में संचालित रैन बसेरों का औचक निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रैन बसेरों में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि साफ-सफाई, गर्म पानी, बिस्तर, कंबल, सुरक्षा एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं हर हाल में सुनिश्चित की जाएं, ताकि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति खुले में सोने को मजबूर न हो।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी ने रैन बसेरों में ठहरे लोगों और अलाव के पास मौजूद नागरिकों से सीधे संवाद कर ठंड से बचाव की व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने ठंड से बचाव के लिए नगर के चिन्हित स्थलों पर जल रहे अलावों की व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित रखने के निर्देश अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को दिए।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद के सभी चिन्हित स्थानों पर अलाव की व्यवस्था समय से और नियमित रूप से सुनिश्चित की जाए, ताकि अत्यधिक ठंड के दौरान आमजन, विशेषकर असहाय और बेघर लोगों को राहत मिल सके। उन्होंने लोगों से अपील की कि ठंड से बचाव के लिए रैन बसेरों में ही ठहरें और अलाव का सुरक्षित उपयोग करें।
निरीक्षण एवं कंबल वितरण के दौरान अधिशासी अधिकारी नगर पालिका सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


