Jammu and Kashmir: ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली खामेनेई का 86 वर्ष की आयु में निधन हो गया। ईरान सरकार के अनुसार यह मौत अमेरिका और इज़राइल के संयुक्त हवाई हमले में उनके आवास के निकट हुई मिसाइल हमले के कारण हुई। इस हमले में खामेनेई के परिवार के कुछ सदस्य और उनके निकट सहयोगी भी शहीद हुए।
आयतुल्लाह अली खामेनेई पिछले 37 वर्षों से ईरान का नेतृत्व कर रहे थे। ईरान सरकार ने उनके निधन की आधिकारिक पुष्टि करते हुए 40 दिनों का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है।
कश्मीर में शोक की लहर
श्रीनगर में इस दुखद घटना पर गहरा शोक देखा गया। प्रमुख धार्मिक नेता मीरवाइज़ उमर फारूक ने एकजुटता दिखाते हुए शहर में बंद का आह्वान किया। प्रमुख बाजार बंद रहे, दुकानें शटर डाउन रही और सड़कें सुनसान थीं। कश्मीरी मुस्लिम समुदाय और ईरान के बीच लंबे समय से गहरे धार्मिक और भावनात्मक संबंध हैं, जिससे यहां शोक की लहर है।
वैश्विक प्रतिक्रियाएं और तनाव
दुनिया भर में इस घटना पर प्रतिक्रिया मिश्रित रही। कुछ देशों और समुदायों में गहरा शोक देखा गया, वहीं कुछ स्थानों पर खुशी जाहिर की गई। इसके जवाब में ईरान ने कई देशों पर मिसाइल हमले किए, जिससे क्षेत्रीय तनाव और बढ़ गया है।








