नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने जलभराव प्रभावित इलाकों का किया निरीक्षण, सुसुवाही में अतिरिक्त पंप लगाने के निर्देश
वाराणसी/वशिष्ठ वाणी। लगातार हो रही बारिश के बीच शहर के जलभराव प्रभावित इलाकों में जल निकासी व्यवस्था को बेहतर करने के लिए नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है। रविवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने सुसुवाही, बिरदोपुर और महमूरगंज क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर जलभराव की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को जल निकासी में किसी भी तरह की बाधा तत्काल दूर करने और जरूरत पड़ने पर रात में भी नालों की सफाई कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सामने आया कि बारिश के पानी के साथ बहकर आने वाला फ्लोटिंग मैटेरियल, जिसमें प्लास्टिक और तैरता हुआ कचरा शामिल है, नालों और नालियों के मुहाने पर जमा हो रहा है। इससे पानी के बहाव में बाधा पैदा हो रही है। नगर आयुक्त ने ऐसे कचरे को तत्काल हटाने के साथ नालों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
गिरी नगर में रात में होगी विशेष सफाई
नगर आयुक्त ने विवेकानन्दपुरम कॉलोनी (सुसुवाही), गिरी नगर कॉलोनी (बिरदोपुर) और महमूरगंज स्थित साकेत नगर कॉलोनी का निरीक्षण किया।
गिरी नगर में जलभराव की स्थिति को देखते हुए उन्होंने जलकल विभाग के अधिकारियों को रात में ही नाले की विशेष सफाई कराने का निर्देश दिया। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग को नालियों की मुकम्मल सफाई सुनिश्चित करने को कहा, ताकि जल निकासी की गति बढ़ाई जा सके।
सुसुवाही में अतिरिक्त पंप लगाने के आदेश
सुसुवाही क्षेत्र में जल निकासी की स्थिति की समीक्षा करते हुए नगर आयुक्त ने मौके पर ही एक अतिरिक्त पंप तत्काल लगाने का निर्देश दिया। नगर निगम की ओर से पहले से लगाए गए विभिन्न पंपों के माध्यम से भी जल निकासी का काम लगातार जारी है।
नगर आयुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि जल निकासी के रास्ते में किसी भी प्रकार की रुकावट नहीं होनी चाहिए। जलभराव वाले क्षेत्रों में राहत और जल निकासी के कार्य में लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
जलभराव वाले इलाकों पर प्रशासन की नजर
लगातार बारिश के कारण शहर के निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति को देखते हुए नगर निगम और जलकल विभाग की टीमें सक्रिय हैं। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को जल निकासी की व्यवस्था लगातार निगरानी में रखने तथा समस्या वाले स्थानों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
नगर आयुक्त के निरीक्षण के दौरान स्थानीय पार्षद सुरेश पटेल, जलकल विभाग के महाप्रबंधक अनूप सिंह सहित नगर निगम और जलकल विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।











