मलाड न्यू लिंक रोड को अवैध पार्किंग से मुक्त कराने की मुहिम में दिया अभूतपूर्व सहयोग; ट्रैफिक विभाग की चुनौतियों और प्रतिबद्धता को किया साझा
मुंबई। सामाजिक सरोकारों, जनहित के अभियानों और क्षेत्र की ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने में सक्रिय भूमिका निभाने वाले अधिकारियों और समाजसेवियों को सम्मानित करने की श्रृंखला में ‘वशिष्ठ मीडिया हाउस प्राइवेट लिमिटेड’ द्वारा ‘वशिष्ठ मीडिया राष्ट्रीय सम्मान – 2026’ का आयोजन निरंतर जारी है। इसी कड़ी में गोरेगांव ट्रैफिक विभाग के कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी श्री रमेश दिंडे जी को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं और जनहित में दिए गए विशेष सहयोग के लिए सम्मानित किया गया।
यह प्रतिष्ठित सम्मान ‘वशिष्ठ मीडिया हाउस प्राइवेट लिमिटेड’ के चेयरमैन एवं समूह दैनिक समाचार पत्र के स्वामी व प्रकाशक श्री अभिषेक अनिल वशिष्ठ द्वारा उन्हें ‘वशिष्ठ मीडिया राष्ट्रीय सम्मान – 2026’ की ट्रॉफी एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर प्रदान किया गया।
अवैध पार्किंग के खिलाफ मुहिम में महत्वपूर्ण योगदान
‘वशिष्ठ वाणी’ समाचार पत्र द्वारा मलाड न्यू लिंक रोड को अवैध पार्किंग और अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान में अधिकारी रमेश दिंडे जी का निरंतर सहयोग मिल रहा है। इस मौके पर अपने विचार साझा करते हुए श्री रमेश दिंडे जी ने कहा कि “यदि मुख्य सड़कों और मलाड न्यू लिंक रोड पर अवैध रूप से गाड़ियां खड़ी करना बंद हो जाए, तो आम जनता को करीब 90% तक ट्रैफिक की समस्या से स्थाई राहत मिल जाएगी।”
ट्रैफिक विभाग की चुनौतियां और प्रतिबद्धता
सम्मानित के दौरान अधिकारी रमेश दिंडे जी ने जमीनी स्तर पर आने वाली व्यावहारिक समस्याओं पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि सीमित अधिकारों और पर्याप्त पावर न होने के कारण कई बार ट्रैफिक विभाग को कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसके बावजूद, जनता की सुविधा और सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए उनकी टीम पूरी निष्ठा से काम कर रही है।
वशिष्ठ मीडिया के प्रयासों की सराहना
‘वशिष्ठ मीडिया राष्ट्रीय सम्मान’ प्राप्त करने पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए श्री रमेश दिंडे जी ने कहा कि वशिष्ठ मीडिया हाउस द्वारा समाचार पत्र के माध्यम से जनसमस्याओं को उठाना और उनके समाधान के लिए जमीनी स्तर पर प्रयास करना बेहद सराहनीय है। उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा, “वशिष्ठ मीडिया के चेयरमैन श्री अभिषेक अनिल वशिष्ठ जी ने मलाड न्यू लिंक रोड को पूरी तरह से सुचारू कराने के लिए हमें पूरी तरह से काम पर लगा दिया है, और हम इस जनहित कार्य को अंजाम तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”












